आज दो लाख का आंकड़ा पार करेगी अमरनाथ यात्रा
अमरनाथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह बढ़ता ही जा रहा है। बाबा अमरनाथ पवित्र गुफा में विराजमान हैं। इससे श्रद्धालुओं का उत्साह और भी बढ़ रहा है।
श्रीनगर, जागरण न्यूज नेटवर्क। बाबा अमरनाथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह बढ़ता ही जा रहा है। यात्रा शुरू हुए एक पखवाड़े से अधिक समय बीत गया है। बाबा अमरनाथ पवित्र गुफा में विराजमान हैं। इससे श्रद्धालुओं का उत्साह और भी बढ़ रहा है। देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है।
सोमवार को 10067 श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए। इसके साथ ही बाबा के दरबार पहुंचने वालों की संख्या 197442 हो गई है।सोमवार को जम्मू स्थित आधार शिविर यात्री निवास भगवती नगर से 2455 श्रद्धालुओं का जत्था पहलगाम व बालटाल के लिए रवाना हुआ।
कड़ी सुरक्षा के बीच बम-बम भोले के जयकारे लगाते हुए श्रद्धालु 113 वाहनों पर सवार होकर यात्रा पर गए। बालटाल मार्ग से यात्रा के लिए रवाना हुए 715 श्रद्धालुओं में 512 पुरुष और 203 महिलाएं शामिल थीं। पहलगाम रूट से रवाना हुए 1740 श्रद्धालुओं में 1306 पुरुष, 334 महिलाएं और 61 साधु शामिल थे।
विदित हो कि बाबा अमरनाथ की यात्रा 28 जून से शुरू हुई थी, जो 26 अगस्त को रक्षा बंधन वाले दिन संपन्न होगी।
पहलगाम और बालटाल से 8990 श्रद्धालु दर्शन को गए
पहलगाम व बालटाल से 8990 श्रद्धालु पवित्र गुफा की तरफ रवाना हो गए। संबंधित अधिकारियों के अनुसार बालटाल से 5200, जबकि पहलगाम से 3790 श्रद्धालु पवित्र गुफा रवाना किए गए।