Amarnath Yatra 2020: अमरनाथ यात्रा का कार्यक्रम तय नहीं, पहुंचने लगे श्रद्धालु
Amarnath Yatra 2020 कोरोना संकट के कारण भगवान अमरनाथ यात्रा का कार्यक्रम तय नहीं है पर भक्तों के जत्थे पहुंचना आरंभ हो गए हैं।
जम्मू, जागरण संवाददाता। कोरोना संकट के कारण भगवान अमरनाथ यात्रा का कार्यक्रम तय नहीं है पर भक्तों के जत्थे पहुंचना आरंभ हो गए हैं। शनिवार को रांची से बाबा के दर्शनों के लिए उतावला एक छह सदस्यीय जत्था जम्मू पहुंच गया। वह सीधे यात्रा के आधार शिविर में पहुंचे और श्री अमरनाथ की यात्रा पर जाने की मांग उठाई।
उन्हें बताया गया कि अभी यात्रा का कार्यक्रम तय नहीं है। इस पर इन श्रद्धालुओं ने 'बम-बम भोले' और 'ओम नमो शिवाय' के जयघोष लगाने शुरू कर दिए। उन्हें समझाने का प्रयास किया गया कि अभी पंजीकरण शुरू नहीं हुआ है। वह पंजीकरण के बिना यात्रा के लिए नहीं जा सकते तो उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इन श्रद्धालुओं का कहना था कि वह हर बार यात्रा के लिए जाते हैं और इस बार भी जरूर जाएंगे।
पुलिस ने उनसे यह जांच पड़ताल भी की कि वह कोरोना वायरस के जारी पाबंदियों के बीच इतनी दूर से जम्मू में कैसे प्रवेश कर गए तो उन्होंने बताया कि वह सभी औपचारिकताएं पूरी करके ही जम्मू पहुंचे हैं। यह श्रद्धालु मांग कर रहे थे कि पंजीकरण शुरू होने तक उन्हें यात्री निवास में रुकने दिया जाए लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने इसकी अनुमति देने से इन्कार कर दिया।
श्रद्धालुओं का नेतृत्व कर रहे दीपक चौधरी ने बताया कि रांची से उनका करीब 160 साथियों का जत्था हर वर्ष यात्रा के लिए आता है लेकिन इस वर्ष कोरोना के चलते सभी नहीं पहुंच पाए है। वह पहले भी जम्मू में पहुंचकर ही पंजीकरण करवाते थे। अव वह इतनी दूर से जम्मू आ गए हैं तो उन्हें आगे भी यात्रा के लिए जाने दिया जाना चाहिए।
एक अन्य श्रद्धालु ने कहा कि वह 26वीं बार यात्रा में शामिल होने आए हैं। राज्य प्रशासन को उन्हें दर्शनों के लिए जाने की अनुमति देनी ही चाहिए। उन्होंने कहा कि वह बाबा बर्फानी से कोरोना मुक्त भारत की दुआ मांगना चाहते हैं।
ज्ञातव्य है कि श्री अमरनाथ यात्रा पर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हुई है। राज्य प्रशासन ने एक नोट में केवल इतना ही बताया था कि यात्रा सीमित होगी और 500 से अधिक श्रद्धालुओं को जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा यात्रा प्रबंध भी लगभग पूरे कर लिए गए हैं। कश्मीर में कोरोना के बढ़ते मामलों के बाद राज्य प्रशासन ने इसपर मौन साध लिया।
हालांकि रक्षामंत्री राजनाथ सिंह भी शनिवार को बर्फानी बाबा के दर्शनों को पहुंचे थे और उन्हें यात्रा के प्रबंधों का जायजा भी लिया। फिलहाल व्यास पूर्णिमा से पवित्र अमरनाथ गुफा से आरती और पूजा का दूरदर्शन पर सुबह-शाम सीधा प्रसारण किया जा रहा है। इससे लाखों श्रद्धालु घर बैठे ही बाबा बर्फानी के दर्शन कर पा रहे हैं।