विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

15 दिन में 3 लाख का आंकड़ा छू सकती है अमरनाथ यात्रा 2026, श्रद्धालुओं में जोश हाई, टूट सकते हैं कई सालों के रिकॉर्ड

By Satnam Singh Edited By: Rahul Sharma
Published: Tue, 14 Jul 2026 07:15 AM (IST)

बाबा अमरनाथ यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है, 10 दिनों में 2.5 लाख का आंकड़ा पार हो चुका ...और पढ़ें

3 जुलाई से सुचारु चल रही अमरनाथ यात्रा, पहलगाम-बालटाल से गुफा तक छाए रहे बादल।

3 जुलाई से सुचारु चल रही अमरनाथ यात्रा, पहलगाम-बालटाल से गुफा तक छाए रहे बादल

HighLights

  1. 10 दिन में 2.5 लाख श्रद्धालु, 15 दिन में 3 लाख का लक्ष्य।

  2. श्रद्धालुओं में भारी उत्साह, कई सालों के रिकॉर्ड टूटने की उम्मीद।

  3. माउंटेन रेस्क्यू टीम यात्रा को सुरक्षित बनाने में सक्रिय।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। बाबा अमरनाथ यात्रा के लिए अगर इस तरह से श्रद्धालुओं का जोश कायम रहा तो पिछले ही नहीं कई सालों के रिकार्ड टूट सकते हैं। मात्र दस दिन में ढाई लाख का आंकड़ा पार करने के बाद यह लग रहा है कि यह 57 दिन की यात्रा के पहले 15 दिन में तीन लाख की संख्या पार हे जाएगी।

यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह बन हुआ है। यात्रा मार्गों पहलगाम व बालटाल से लेकर पवित्र गुफा तक दिन भर बादल छाए रहे। तीन जुलाई से शुरू हुई यात्रा अब तक सुचारू रूप से चल रही है।

वहीं श्री अमरनाथ के दौरान जम्मू-कश्मीर पुलिस की माउंटेन रेस्क्यू टीम (एमआरटी) श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आपातकालीन सहायता के लिए चौबीसों घंटे सक्रिय होकर कार्य कर रही है। यात्रा मार्ग पर रणनीतिक स्थानों पर तैनात एमआरटी टीमों ने समय पर चिकित्सा सहायता और रेस्क्यू सेवाएं उपलब्ध कराकर यात्रा को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखा।

सुहावने मौसम में शांतिपूर्वक जारी रही यात्रा 

सोमवार को सामान्य से आंशिक रूप से बादल छाए रहने वाले मौसम के बीच यात्रा शांतिपूर्वक जारी रही। रेलपथरी, चंदनवाड़ी, पिस्सू टॉप, अपर पवित्र गुफा, जोजीबल, नागाकोटी, शेषनाग, जेड-मोड़ ट्रैक और संगम टॉप सहित विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर तैनात टीमों ने स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना कर रहे श्रद्धालुओं को तत्काल सहायता प्रदान की।

एमआरटी कर्मियों ने जेड-मोड़, मिड पिस्सू टॉप, ग्रटबल, संगम टॉप, अपर पवित्र गुफा तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर सांस लेने में दिक्कत और ऊंचाई के कारण अस्वस्थ हुए कई श्रद्धालुओं को ऑक्सीजन उपलब्ध कराई। साथ ही बुजुर्ग श्रद्धालुओं को कठिन रास्तों से सुरक्षित निकालने और आगे बढ़ने में भी मदद की।

श्रद्धालुओं को समय पर मिल रही मदद

एक विशेष बचाव अभियान में चंदनवाड़ी स्थित एमआरटी टीम ने मुंबई के 32 वर्षीय श्रद्धालु को, जो पवित्र गुफा के निकट अचानक बीमार हो गया था, सुरक्षित रेस्क्यू कर निकटतम मेडिकल कैंप पहुंचाया। वहीं शेषनाग ग्लेशियर प्वाइंट से एक बुजुर्ग साधु को जम्मू-कश्मीर पुलिस की एमआरटी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने सुरक्षित निकालकर उन्नत उपचार के लिए मेडिकल कैंप भेजा।

पुलिस ने कहा कि एमआरटी टीमों की समर्पित सेवाएं और अन्य आपातकालीन एजेंसियों के साथ उनका समन्वय हजारों श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इसी बीच बाबा अमरनाथ की यात्रा के लिए 7754 श्रद्धालुओं का 12 वां जत्था सोमवार सुबह जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास आधार शिविर से पहलगाम व बालटाल के लिए रवाना हुआ।

7754 श्रद्धालुओं का 12 वां जत्था जम्मू से रवाना

कुल 7754 श्रद्धालु 303 वाहनों के काफिले में बालटाल और पहलगाम के आधार शिविरों के लिए रवाना हुए। बालटाल मार्ग के लिए 2896 श्रद्धालु 133 वाहनों में सुबह 2:44 बजे रवाना हुए, जबकि पहलगाम मार्ग के लिए 4858 श्रद्धालुओं ने 170 वाहनों में सुबह 3:28 बजे प्रस्थान किया।

इस जत्थे में 5,383 पुरुष, 2,071 महिलाएं, 16 बच्चे, 222 साधु, 58 साध्वियां तथा 4 ट्रांसजेंडर श्रद्धालु शामिल थे। जत्थे शाम को अपने गंतव्य तक पहुंच गए। जत्थे के रवाना होने के साथ ही अब तक भगवती नगर आधार शिविर से कुल 87701 श्रद्धालु बाबा अमरनाथ यात्रा के लिए कश्मीर घाटी की ओर प्रस्थान कर चुके हैं।