विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेटे की मौत सड़क दुर्घटना नहीं, हत्या... अखनूर के सादिक शर्मा की मौत पर गहराया रहस्य, परिवार ने न्याय मांगा

By Suresh Kumar Edited By: Rahul Sharma
Published: Mon, 27 Jul 2026 11:45 AM (IST)

अखनूर निवासी सादिक उर्फ शाइन शर्मा की खरड़ में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसे परिवार सड़क दुर्घटना नहीं ...और पढ़ें

अखनूर में निष्पक्ष जांच कराने की मांग को लेकर निकाला कैंडल मार्च।

अखनूर में निष्पक्ष जांच कराने की मांग को लेकर निकाला कैंडल मार्च

HighLights

  1. सादिक शर्मा की खरड़ में संदिग्ध मौत, परिवार को हत्या का शक।

  2. परिवार ने सीबीआई या एसआईटी जांच की मांग की।

  3. अखनूर में कैंडल मार्च निकालकर न्याय की गुहार लगाई।

संवाद सहयोगी, अखनूर: चंडीगढ़ के खरड़ में अखनूर निवासी युवक सादिक उर्फ शाइन शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. अब यह मामला तूल पकड़ता जा रहा है। रविवार को मृतक के परिवार, युवाओं और स्थानीय लोगों ने सादिक के घर से निर्दोष चौक तक कैंडल मार्च निकालकर इंसाफ की मांग की। मार्च में शामिल लोगों ने कहा कि इस घटना को केवल सड़क दुर्घटना मानने के बजाय हत्या की आशंका समेत सभी पहलुओं की गहन जांच होनी चाहिए।

मृतक के पिता राजिंद्र शर्मा ने आरोप लगाया कि उनका बेटा 12 जुलाई को दोस्तों के साथ खरड़ गया था, जहां उसकी मौत हो गई और उसकी मौत को सड़क दुर्घटना बताया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि यह सड़क दुर्घटना थी, तो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल क्यों नहीं हुए. जिस थार वाहन में हादसा हुआ, उसे कम नुकसान कैसे हुआ। उन्होंने कहा कि सादिक की मौत सामान्य सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या हो सकती है।

लोगों ने दी चेतावनी

राजिंद्र शर्मा ने मांग की है कि सादिक के साथ गए सभी लोगों के काल डिटेल रिकार्ड (सीडीआर), मोबाइल चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच की जाए। उन्होंने पंजाब पुलिस की कार्रवाई से असंतोष व्यक्त करते हुए उच्चस्तरीय हस्तक्षेप की आवश्यकता बताई। परिवार ने जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल से हस्तक्षेप की अपील की है और विशेष जांच दल (एसआइटी) गठित करने या मामले की जांच सीबीआइ को सौंपने की मांग की है। कैंडल मार्च में शामिल लोगों ने चेतावनी दी कि यदि परिवार की मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को तेज किया जाएगा।