कल से जम्मू में दिखेगा सेना में Agniveer बनने के लिए युवाओं में जोश, पहले दिन सांबा के युवाओं को मिलेगा मौका
सेना के भर्ती कार्यालय की ओर से जम्मू संभाग के जम्मू सांबा कठुआ राजौरी पुंछ ऊधमपुर रियासी डोडा रामबन व किश्तवाड़ जिलाें के युवाओं को एडमिट कार्ड जारी किए हैं। शुक्रवार से विभिन्न जिलों के युवा तय शेड्यूल के अनुसार भर्ती मैदान में पहुंचने लगेंगे।
जम्मू, राज्य ब्यूरो। कश्मीर, लद्दाख के युवाओं के बाद बाद शुक्रवार से जम्मू संभाग के युवा भारतीय सेना में अग्निवीर बनकर देश के दुश्मनों से लोहा लेने के लिए जोश दिखाएंगे। जम्मू संभाग के 10 जिलों के युवाओं के लिए 7 अक्टूबर से जम्मू शहर में सुंजवां मिलिट्री स्टेशन के जोरावर स्टेडियम में शुरू हो सेना की भर्ती 22 अक्टूबर तक चलेगी। शुक्रवार को भर्ती रैली के पहले दिन सांबा जिला के युवाओं को अग्निवीर बनने के लिए मौका मिलेगा।
वीरवार को सेना की टाइगर डिवीजन के अधिकारियों ने जोरावर स्टेडियम का दौरा को भर्ती को कामयाब बनाने के लिए किए गए प्रबंधों के बारे में जानकारी ली। इसी बीच 16 दिनों तक चलने वाली इस भर्ती रैली की निगरानी करने के लिए सेना के वरिष्ठ अधिकारियों के लगातार दौरे होंगे। जम्मू संभाग में हो रही अग्निवीरों की पहली भर्ती रैली में भीड़ प्रबंधन के लिए भी उचित प्रबंध किए गए हैं। कड़ी सुरक्षा के बीच होने वाली इस रैली को कामयाब बनाने के लिए सेना भर्ती कार्यालय को प्रशासन की ओर से भी पूरा सहयोग दिया जा रहा है।
इसी बीच इस रैली में हिस्सा लेने के लिए सेना के भर्ती कार्यालय की ओर से जम्मू संभाग के जम्मू, सांबा, कठुआ, राजौरी, पुंछ, ऊधमपुर, रियासी, डोडा, रामबन व किश्तवाड़ जिलाें के युवाओं को एडमिट कार्ड जारी किए हैं। शुक्रवार से विभिन्न जिलों के युवा तय शेड्यूल के अनुसार भर्ती मैदान में पहुंचने लगेंगे। सेना भर्ती कार्यालय ने युवाओं को अपने साथ जरूरी कागजात लेकर आने के निर्देश दिए हैं। फिजिकल टेस्ट पास करने वाले युवाओं को मेडिकल टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा।
जम्मू के पीआरओ डिफेंस लेफ्टिनेंट कर्नल देवेन्द्र आनंद का कहना है कि सेना ने जोरावर स्टेडियम में सोलह दिन तक चलने वाली इस भर्ती रैली को कामयाब बनाने के लिए पूरे प्रबंध किए हैं। उन्हाेंने बताया कि सेना के इस भर्ती अभियान के दौरान पूरी पारदर्शिता बरती जाएगी। जम्मू में होने जा रही अग्निवीरों की इस भर्ती को लेकर संभाग के विभिन्न जिलों के युवाओं में बहुत जोश है।जम्मू में भर्ती से पहले सितंबर महीने में कश्मीर व लद्दाख के युवाओं को सेना में बतौर अग्निवीर भर्ती करने के लिए सोलह दिन तक भर्ती चली थी। बारामूला के हैदरबेग में चली अग्निवीरों की भर्ती के दौरान कश्मीर संभाग के दस जिलों के युवाओं के साथ लद्दाख के लेह व कारगिल जिलों के युवाओं को अग्निवीर बनने के लिए मौका दिया गया था। आने वाले महीनों में महिला अग्निवीरों के लिए भर्ती होगी।
Agnipath Scheme Protest: अग्निपथ योजना को लेकर फैलाई जा रहीं कई अफवाह, जानिए- क्या है सच्चाई