भूमि विवाद में तलवार-लाठी चली, नौ घायल
जागरण संवाददाता, जम्मू : शहर से सटे लोअर बरनाई में दो परिवारों के बीच भूमि विवाद खूनी संघर्ष में
जागरण संवाददाता, जम्मू : शहर से सटे लोअर बरनाई में दो परिवारों के बीच भूमि विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। रविवार को दोनों परिवार आमने-सामने हो गए। उनमें जमकर तलवारें और लाठियां चलीं। दो महिलाओं सहित नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इतना ही नहीं घायलों को जीएमसी अस्पताल लाया गया तो वहां पर भी दोनों पक्षों से आए लोग भिड़ गए। सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें संभाला।
बरनाई में रहने वाले हंसराज का उनके रिश्तेदारों के साथ भूमि विवाद है। विवाद पुलिस तक पहुंच चुका है लेकिन समाधान नहीं निकला। रविवार को दोबारा दोनों परिवारों में भूमि को लेकर मारपीट हो गई। देखते ही देखते दोनों ओर से तेजधार हथियार और लाठियां चलना शुरू हो गई। इसमें 41 वर्षीय प्रदीप सिंह, 48 वर्षीय रमेश सिंह, कुलदीप सिंह और 42 वर्षीय रंजीत सिंह चारों पुत्र हंस राज, 36 वर्षीय ज्योति मन्हास पुत्री रंजीत सिंह, 60 वर्षीय चंचला देवी पत्नी हंस राज, 51 वर्षीय शाम सिंह और 49 वर्षीय यशपाल सिंह दोनों पुत्र चंचल सिंह निवासी लोअर बरनाई घायल हो गए। दोनों ओर से जीएमसी में पहुंचे घायल भूमि को अपनी बता रहे थे। दोमाना पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच हत्या के प्रयास व मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज किया है। घायलों के बयान लिए जाएंगे। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभी इस मामले में किसी गिरफ्तारी नहीं की गई है।