जम्मू वालों के लिए बड़ी खबर, स्मार्ट सिटी के बेड़े में शामिल होंगी 75 नई इलेक्ट्रिक बसें; संकरे रास्तों पर दौड़ेंगी
जम्मू स्मार्ट सिटी में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल बनाने के लिए 75 नई 7-मीटर इलेक्ट्रिक बसें शामिल की ...और पढ़ें

जम्मू में 7-मीटर वाली 75 नई इलेक्ट्रिक बसों के लिए टेंडर फाइनल। (फाइल फोटो)
HighLights
जम्मू स्मार्ट सिटी में 75 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल होंगी।
पीएम-ईबस सेवा कार्यक्रम के तहत निविदा प्रक्रिया पूरी हुई।
ये बसें शहर के संकरे मार्गों पर आरामदायक यात्रा देंगी।
जागरण संवाददाता, जम्मू। शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए 75 नई 7-मीटर लंबी, वातानुकूलित स्मार्ट इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जा रही हैं। इससे जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड के इलेक्ट्रिक बस बेड़े का दायरा काफी बढ़ जाएगा।
केंद्र सरकार के पीएम-ईबस सेवा कार्यक्रम के तहत इन नई बसों के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली गई है, जिसमें मेसर्स पीएमआई इलेक्ट्रो मोबिलिटी साल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड जम्मू-कश्मीर लाट के लिए सबसे कम बोली लगाने वाली एल-1 कंपनी बनकर उभरी है।
कन्वर्जेंस एनर्जी सर्विसेज लिमिटेड (सीईएसएल) ने इस परिणाम की जानकारी जम्मू-कश्मीर प्रशासन को दे दी है और औपचारिक अनुबंध जल्द होने की उम्मीद है।
वर्तमान बेड़े की स्थिति और नया विस्तार
शहर में पहले से ही जेएससीएल के माध्यम से 100 स्मार्ट इलेक्ट्रिक बसें संचालित हो रही हैं, जिनमें 12-मीटर की 25 बसें और 9-मीटर की 75 बसें शामिल हैं। इसके अलावा 25 अतिरिक्त 12-मीटर बसों को शामिल करने का अनुबंध अगस्त 2026 में हुआ था, जिनका निर्माण कार्य अभी प्रगति पर है।
संकरे मार्गों पर आसान आवागमन और आराम
नई 7-मीटर बसें पूरी तरह वातानुकूलित और स्टैंडर्ड-फ्लोर वाली होंगी, जो शहर के संकरे, भीड़भाड़ वाले और व्यस्त मार्गों पर आसानी से मुड़ सकेंगी। विभिन्न आकारों 7, 9 और 12 मीटर का यह बेड़ा प्रशासन को रूट की मांग के अनुसार बसें चलाने की सुविधा देगा, साथ ही भीषण गर्मी के दौरान यात्रियों को एक आरामदायक और स्वच्छ सफर प्रदान करेगा।
स्वच्छ और यात्री-अनुकूल शहर का लक्ष्य
जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड सीईओ डॉ. देवांश यादव ने बताया कियह 75 बसें पीएम-ईबस सेवा टेंडर-3 के लाट-16 के तहत विशेष रूप से जम्मू के लिए आवंटित की गई हैं। यह कदम शहर को अधिक स्वच्छ, स्मार्ट और भरोसेमंद मोबिलिटी की ओर ले जाएगा। शेष प्रशासनिक औपचारिकताएं और समझौता ज्ञापन पूरा होते ही इन सभी बसों को सड़कों पर उतार दिया जाएगा।
