विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'सोनम वांगचुक की पदयात्रा में 70 लोग आए, लेह कार्यक्रम में आने के लिए किसी को रोका नहीं'; लद्दाख पुलिस ने दी सफाई 

Published: Fri, 25 Sep 2026 06:39 AM (IST)

लद्दाख पुलिस ने लेह में एक जनसभा में लोगों को आने से रोकने के आरोपों को बेबुनियाद बताया है। पुलिस ...और पढ़ें

सोनम वांगचुक की पदयात्रा। फाइल फोटो

सोनम वांगचुक की पदयात्रा। फाइल फोटो

HighLights

  1. लद्दाख पुलिस ने लेह रैली में लोगों को रोकने के आरोप नकारे।

  2. बैरिकेडिंग भीड़ प्रबंधन हेतु थी, किसी को नहीं रोका गया।

  3. सोनम वांगचुक सहित कई नेताओं ने जनसभा को संबोधित किया।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। लद्दाख पुलिस ने लेह हिंसा की बरसी में जिले के एनडीएस ग्राउंड में लोगों को आने से रोकने के आरोपों को बेबुनियाद करार दिया है। एनडीएस ग्राउंड में रैली के दौरान वीरवार को कुछ वक्ताओं ने ये आरोप लगाए कि पुलिस ने बेरीकैड व तारें लगाकर लोगों को एनडीएस ग्राउंड में रैली स्थल तक आने से रोका।

इस पर वीरवार को लद्दाख पुलिस ने स्पष्ट किया कि लद्दाख बौद्ध एसोसिएशन ने लेह के एनडीएस मैदान में जनसभा के लिए अनुमति मांगी थी। दस हजार लोगों की क्षमता वाले एनडीएस मैदान में प्रशासन ने सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक प्रार्थना सभा की अनुमति दी थी। पुलिस के मुताबिक सभा में 800 से कम लोग शामिल हुए।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि लेह के विभिन्न हिस्सों में लगाए गए बैरिकेड व सुरक्षा व्यवस्था आयोजकों द्वारा बड़ी संख्या में लोगों के आने की सूचना के आधार पर भीड़ प्रबंधन के नियमित उपाय थे। किसी भी व्यक्ति को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने से नहीं रोका गया।

इन आरोपों को निराधार व भ्रामक बताते हुए कहा कि लद्दाख पुलिस ने कहा है कि वह कानून के तहत शांतिपूर्ण व लोकतांत्रिक सभाओं को सुगम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। नागरिकों की सुरक्षा व सुविधा सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिकता है।

सोनम वांगचुक ने किया संबोधित

लेह हिंसा की बरसी पर जिले के एनडीएस ग्राउंड में हुई जनसभा को सोनम वांगचुक, छेरिंग दोरजे, सांसद मोहम्मद हनीफा जान, पूर्व सांसद थुपस्तन छिवांग, असगर करबलाई व सज्जाद करगिली समेत अन्य कई नेताओं ने संबोधित किया। इस कार्यक्रम में 24 सितंबर 2025 को पुलिस की फायरिंग में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देने के साथ उनके परिजनों को सम्मानित भी किया गया।

इसी बीच पुलिस ने स्पष्ट किया है कि 23 सितंबर को खारू गांव से लेह बाजार तक लेह अपेक्स बाडी की 20 किलोमीटर की पदयात्रा को देखते हुए प्रशासन व पुलिस ने सुरक्षा, यातायात तथा भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए थे।

लेकिन पदयात्रा में 70 से अधिक लोग शामिल नहीं हुए। सोनम वांगचुक व उनके समर्थकों ने खारू से मार्च शुरू किया। लेकिन करीब 4 किलोमीटर बाद स्टाकना गांव में इसे समाप्त कर दिया। इसके बाद प्रतिभागी वाहनों से सिंधु घाट पहुंचे व वहां से एनडीएस मेमोरियल पार्क तक मार्च किया।