Coronavirus: सांबा क्वारंटाइन केंद्र में रखे 401 लोगों को घर भेजा, घरों में क्वारंटाइन रहने की सलाह दी
वहीं सांबा क्वारंटाइन केंद्र से भागे हंदवाड़ा के एक व्यक्ति को रामगढ़ पुलिस ने पकड़ फिर से केंद्र में भर्ती करा दिया है। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला भी दर्ज किया है।
सांबा, जेएनएन। स्वास्थ्य विभाग ने जिला सांबा के विभिन्न क्वारंटाइन केंद्रों में रखे गए करीब 401 लाेगों को आज घर भेज दिया है। श्रीनगर सहित डोडा, पुंछ और राजौरी के रहने वाले इन लोगों को अगले 14 दिनों तक घरों में ही क्वारंटाइन रहने की सलाह दी गई है। देश के दूसरे राज्यों से आए इन लोगों के लिए गए सैंपल लगातार तीसर बार भी नेगेटिव पाए गए, जिसके बाद इन्हें घर भेजने का निर्णय लिया गया। वहीं सांबा क्वारंटाइन केंद्र से भागे हंदवाड़ा के एक व्यक्ति को रामगढ़ पुलिस ने पकड़ फिर से केंद्र में भर्ती करा दिया है। हालांकि इस अपराध के लिए पुलिस ने उसके खिलाफ मामला भी दर्ज किया है।
मिली जानकारी के अनुसार इन लोगों को सोमवार सुबह 7.30 बजे के करीब एसआरटीसी की बसों के जरिए उनके घरों को रवाना किया गया। राधा स्वामी आश्रम में बनाए गए क्वारंटाइन केंद्र में 355, अखिलेश फार्म में 32 और बीपी ग्रीन में 14 लोग क्वारंटाइन किए गए थे। इन लोगों के लिए गए सैंपल की रिपोर्ट आज सुबह नेगेटिव पाई गई। जिसके बाद प्रशासन ने इन लोगों को पुलिस दस्ते के साथ एसआरटीसी बसों में श्रीनगर, डोडा, किश्तवाड़, पुंछ और राजौरी के लिए रवाना कर दिया। स्वास्थ्य विभाग ने इन लोगों को घरों में जाकर भी परिवार के अन्य सदस्यों से अगले 14 दिनों तक अलग रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि इस समयाविध के बाद फिर से उनके सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे। यदि वे भी नेगेटिव आते हैं तो फिर वे परिवार के बीच रह सकते हैं।
वहीं गत रविवार शाम को सांबा स्थित क्वारंटाइन केंद्र से माैका पाकर एक व्यक्ति फरार हो गया। यह व्यक्ति जिला कुपवाड़ा के हंदवाड़ा इलाके का रहने वाला था। समय पर सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने इस बारे में रामगढ़ पुलिस को सूचित किया। बिना समय गवाएं पुलिस ने व्यक्ति की तलाश शुरू कर दी और देर रात उसे पकड़ लिया गया। उसे फिर से क्वारंटाइन केंद्र रखा गया है। हालांकि अभी तक व्यक्ति के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि नहीं हुई है परंतु अधिकारी ने कहा कि यह जानने के बावजूद कि कोविड-19 बीमारी घातक हो सकती है, आदमी ने लापरवाही से और जानबूझकर इस बीमारी को फैलाने का खतरा बढ़ाते हुए केंद्र छोड़ दिया। रामगढ़ पुलिस ने उसके खिलाफ मामला भी दर्ज किया है।