विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 04, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

श्री माता वैष्णो देवी यूनिवर्सिटी के 140 विद्यार्थी कोरोना संक्रमित, जम्मू-कश्मीर में एक दिन में 350 नए मामले दर्ज

By Vikas AbrolEdited By:
Published: Tue, 04 Jan 2022 08:53 PM (IST)Updated: Tue, 04 Jan 2022 09:22 PM (IST)

माता वैष्णो देवी यूनिवर्सिटी में लगातार विद्यार्थियों के संक्रमित आने के बाद सभी विद्यार्थियों के टेस्ट हो रहे हैं। स्वास्थ्य ...और पढ़ें

यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार नागेंद्र जम्वाल ने भी मामले आने की बात कही है।
यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार नागेंद्र जम्वाल ने भी मामले आने की बात कही है।

जम्मू, राज्य ब्यूरो। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में मंगलवार को कोरोना संक्रमण में भारी उछाल देखने को मिला। श्री माता वैष्णो देवी यूनिवर्सिटी में पढ़ रहे 140 विद्यार्थियों सहित कुल 350 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। करीब पांच महीनों के बाद जम्मू-कश्मीर में कोरोना संक्रमण के इतने मामले देखने को मिले हैं। एक सप्ताह में ही प्रदेश में कोरोना के मामले दोगुना से भी अधिक हो गए हैं। हालांकि अच्छी बात यह है कि लगातार दूसरे दिन किसी भी मरीज की मौत नहीं हुई। वहीं 156 और मरीज भी स्वस्थ हुए।

स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार माता वैष्णो देवी यूनिवर्सिटी में लगातार विद्यार्थियों के संक्रमित आने के बाद सभी विद्यार्थियों के टेस्ट हो रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने अपनी विशेष टीमें यूनिवर्सिटी में जांच के लिए भेजी हैं। मंगलवार काे कुल 820 विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों के सैंपल लेकर उनकी जांच की गई। इसमें 140 में संक्रमण की पुष्टि हुई। यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार नागेंद्र जम्वाल ने भी मामले आने की बात कही है। उनका कहना है कि नेगेटिव आने वाले विद्यार्थियों को घरों में भेजा जा रहा है। कोविड प्रोटोकाल का पूरी तरह से पालन किया जा रहा है।

कोरोना की दूसरी लहर के बाद यह पहला अवसर है कि जम्मू-कश्मीर में किसी एक संस्थान में इतनी बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमण के मामले आए हैं। जिला मजिस्ट्रेट रियासी ने पहले से ही यूनिवर्सिटी को बंद किया हुआ है। वहीं गैर अधिकारिक आंकड़ों के अनुसार 154 विद्यार्थियों के संक्रमित आने की बात कही जा रही है।यूनिवर्सिटी में संक्रमित आने वाले स्थानीय विद्यार्थियों को घरों में ही आइसोलेट किया जा रहा है जबकि अन्य को यूनिवर्सिटी में ही आइसोलेट किया जा रहा है। इससे पहले भी यूनिवर्सिटी में 35 विद्यार्थी और स्टाफ सदस्य अभी तक संक्रमित आ चुके हैं।इसके अलावा जम्मू संभाग में सबसे अधिक 58 मामले जम्मू जिले में आए है। यह गत दो महीने में जम्मू जिले में सबसे अधिक मामले हैं।

जम्मू जिले में स्वास्थ्य विभाग का एक नोडल अधिकारी भी संक्रमित हुआ है। वहीं ऊधमपुर जिले में कुल 14 मामले आए हैं। इनमें दो और छह साल के बच्चे भी शामिल हैं। इसी तरह पुंछ में नौ, कठुआ में सात मामले आए। राजौरी और डोडा में तीन-तीन मामले आए। रियासी जिले में एक भी नया मामला नहीं आया। इसी तरह कश्मीर संभाग में श्रीनगर जिले में सबसे अधिक 62 मामले आए। वहीं बारामुला में तीन, बडगाम में 14, अनतंनाग, बांडीपोरा और गांदरबल में पांच-पांच मामले आए। शोपियां में एक भी नया मामला नहीं आया। अब जम्मू-कश्मीर में सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 1541 हो गई है। वहीं टीकाकरण अभियान भी जारी है। मंगलवार को 49,711 लोगों ने पहली डोज और 33,531 लोगों ने दूसरी डोज ली। अब तक आठ जिलों में सौ फीसद लोग दोनों डोज ले चुके हैं। अभी तक जम्मू-कश्मीर में कुल एक करोड़, 89 लाख, दस हजार डोज लोगों को दी जा चुकी हैं।