सीमा के पास ड्रोन से गिराई गई हथियार-ड्रग्स की खेप, जम्मू में तीन गिरफ्तार; 8 पिस्तौल पंजाब भेजने का खुलासा
अरनिया पुलिस ने ड्रोन के जरिए हथियार और नशीले पदार्थ गिराने के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

अरनिया ड्रोन-ड्रॉपिंग मामले में 3 गिरफ्तार, हेरोइन-अफीम। (फाइल फोटो)
HighLights
अरनिया में ड्रोन से गिराए गए हथियार-नशीले पदार्थ मामले में तीन गिरफ्तार।
आधा किलो हेरोइन, अफीम और इटैलियन बेरेटा पिस्तौल बरामद की गई।
आरोपियों ने पंजाब में आठ पिस्तौल सप्लाई करने की बात कबूली।
जागरण संवाददाता, बिशनाह। जम्मू जिले की अरनिया पुलिस ने कथित ड्रोन-ड्रॉपिंग के माध्यम से नशीले पदार्थ और हथियार मंगवाने, उन्हें ठिकाने लगाने के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से इटली में निर्मित बेरेटा पिस्तौल, दो मैगजीन, चार राउंड गोलियां, करीब आधा किलोग्राम हेरोइन और लगभग आधा किलोग्राम अफीम बरामद की है।
इस संबंध में अरनिया पुलिस स्टेशन में FIR नंबर 64 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय कुमार, रोहित और अजय कुमार के रूप में हुई है। तीनों अरनिया क्षेत्र के त्रेवा और तलाड़ गांवों के निवासी बताए गए हैं।
यह कार्रवाई जम्मू के एसएसपी जोगिंदर सिंह की निगरानी में की गई। अभियान में एसपी मुख्यालय, एसडीपीओ आर.एस. पुरा और अरनिया पुलिस स्टेशन की टीम शामिल रही। पुलिस मामले की जांच जारी रखते हुए पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।
सूचना के बाद बाजार से पकड़ा गया युवक
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक, जिसकी पहचान रोहित कुमार के रूप में हुई, कथित तौर पर एक अवैध पिस्तौल लेकर घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और उसे बाजार से पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास से बेरेटा पिस्तौल, जो इटली निर्मात है एक मैगजीन और चार गोलियां बरामद किया गया। पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर खुलासा किया कि यह हथियार 2 अक्टूबर को सीमा पार से ड्रोन के जरिए ट्रेबा के सुनसान जगह पर फेंके गए थे।
पंजाब में आठ पिस्तौल सप्लाई करने का भी खुलासा
पूछताछ में आरोपी रोहित कुमार ने अपने दो साथियों के नाम उगले। पुलिस ने उसके दो साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने जांच के दौरान करीब आधा किलोग्राम हेरोइन और आधा किलोग्राम अफीम भी बरामद की।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपियों में से एक ने कथित तौर पर खुलासा किया कि इस दौरान इसी सामान में से कुछ दिन पहले पंजाब के कुछ अपराधिक छवि के लोगों को इन आरोपियों ने आठ पिस्तौल सप्लाई कर दी जिसकी एवज में इन्हें मोटी रकम मिली।
जांचकर्ताओं को संदेह है कि आरोपी पाकिस्तान स्थित हैंडलरों के संपर्क में थे। पूछताछ के दौरान कथित तौर पर हैंडलरों द्वारा ड्रोन के आने की जानकारी दिए जाने और उसके बाद आरोपियों द्वारा ड्रोन से गिराए गए सामान को उठाकर आगे पहुंचाने की बात सामने आई है।
मोबाइल फोन से भी महत्वपूर्ण डेटा बरामद
पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन से भी महत्वपूर्ण डेटा बरामद किया है, जिसकी जांच की जा रही है। अरनिया पुलिस को पंजाब में आरोपियों के कथित संपर्कों के बारे में भी जानकारी मिली है और नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों को पकड़ने के लिए छापेमारी की तैयारी की जा रही है।
पुलिस इस मामले को सीमा पार ड्रोन गतिविधि और नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े एक महत्वपूर्ण मामले के रूप में देख रही है। प्रारंभिक पूछताछ में तीनों आरोपियों ने कथित तौर पर ड्रोन के जरिए दो खेप प्राप्त करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस अब हथियारों और नशीले पदार्थों के स्रोत, पाकिस्तान स्थित हैंडलरों की पहचान और पूरे नेटवर्क की का पता लगाने में जुटी है और पंजाब में पिस्टल किन लोगों ने खरीदी उनका पता लगाने में सभी एजेंसिया लगी हुई है।
