Coronavirus: कश्मीर संभाग में 27 नए संक्रमित आए, 14 शोपियां से, संक्रमितों का आंकड़ों 407 हुआ
जम्मू-कश्मीर प्रशासन के अनुसार प्रदेश में 321 सक्रिय मामले हैं जबकि 81 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट गए हैं और अभी तक 5 लोगों की मृत्यु हो गई है।
श्रीनगर, जेएनएन। कश्मीर संभाग में कोरोना संक्रमितों के बढ़ते मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। प्रशासन की तमाम पाबंदियों के बावजूद संक्रमितों की संख्या हर दिन बढ़ती जा रही है। आज बुधवार को कश्मीर संभाग में 27 नए संक्रमित मामले सामने आए हैं। स्किम्स में आज 489 सैंपल टेस्ट किए गए जिनमें 25 टेस्ट पाॅजीटीव पाए गए। वहीं सीडी अस्पताल दिन में दो टेस्ट पॉजीटिव पाए गए। इसके साथ कश्मीर में संक्रमितों की संख्या 351 पहुंच गई है।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार आज पॉजीटिव पाए गए 27 मामलों में 14 मामले शोपियां, 7 मामले बांडीपोर, 4 मामले कुपवाड़ा, एक-एक मामला बारामुला और अनंतनाग से है। जम्मू-कश्मीर में कुल संक्रमितों की संख्या 407 पहुंच गई है, जिनमें 56 मामले जम्मू संभाग से जबकि 351 मामले कश्मीर संभाग से हैं। सूत्रों का कहना है कि आज पॉजीटिव पाए गए मामलों में गर्भवती महिला भी शामिल है। अधिकारिक तौर पर इसकी पुष्ट नहीं की गई है।
स्वास्थ्य विभाग पॉजीटिव पाए गए मरीजों की जानकारी हासिल कर रही है। शोपियां में आज इतनी संख्या पाए गए पॉजीटिव मामले वहां के हीरपोर गांव से हैं। यह गांव जिला राजौरी व शोपियां की सीमा पर स्थित है। जम्मू-कश्मीर प्रशासन के अनुसार प्रदेश में 321 सक्रिय मामले हैं जबकि 81 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट गए हैं और अभी तक 5 लोगों की मृत्यु हो गई है।
जम्मू-कश्मीर में अभी तक 62493 लोगों को कोरोना संक्रमित संदिग्ध पाए जाने पर निगरानी में रखा गया है। इनमें वे लोग शामिल हैं जिनकी ट्रैवल हिस्ट्री है या फिर वे संक्रमित में संपर्क में आए हैं। इनमें 6032 लोगों को घरों में ही क्वारंटाइन किया गया है। हालांकि वहां भी प्रबंधन स्वास्थ्य विभाग द्वारा ही किए गए हैं। इसके अलावा 248 अस्पताल में क्वारंटाइन, 294 अस्पताल में आइसोलेट है और 17421 लोगों को उनके घर में ही निगरानी में रखा गया है। अभी तक 38493 लोग क्वारंटाइन की समायावधि पूरी कर चुके हैं।