Move to Jagran APP

Municipal Corporation: फिर तवी नदी किनारे नगर निगम लगाने लगा कचरे के ढेर, स्थानीय लोगों में रोष, मुख्य मार्ग बंद करने की चेतावनी

शहर के वेयर हाउस क्षेत्र से कचरा प्वाइंट को तवी किनारे शिफ्ट करने का स्थानीय लोगों ने विरोध जताया है। लोगों के विरोध के बाद नगर निगम ने 15 मार्च तक किसी और जगह बनाने का भरोसा दिलाया। वेयर हाउस क्षेत्र में वर्षों से कचरे को जमा किया जाता था।

By Vikas AbrolEdited By: Published: Sun, 28 Feb 2021 11:44 AM (IST)Updated: Sun, 28 Feb 2021 05:22 PM (IST)
Municipal Corporation: फिर तवी नदी किनारे नगर निगम लगाने लगा कचरे के ढेर, स्थानीय लोगों में रोष, मुख्य मार्ग बंद करने की चेतावनी
नगर निगम ने शहर की गंदगी फिर इसके किनारों पर फेंकना शुरू कर दिया है।

जम्मू, जागरण संवाददाता: सरकारी अनदेखी के चलते सिसकियां भर रही सूर्यपुत्री तवी नदी के जख्मों पर मरहम लगाना तो दूर नगर निगम ने शहर की गंदगी फिर इसके किनारों पर फेंकना शुरू कर दिया है। गांधीनगर विधानसभा के सभी वार्डों का कचरा यहां लाकर फेंका जा रहा है। इससे स्थानीय लोगों में भारी रोष व्याप्त हो गया है। उन्होंने जल्द इस प्रक्रिया को बंद नहीं करने पर सतवारी-कुंजवानी मुख्य मार्ग को बंद कर प्रदर्शन की चेतावनी दी है।

loksabha election banner

नगर निगम ने शनिवार को भगवती नगर चौथे पुल के नजदीक तवी किनारे कचरे को जमा करना शुरू कर दिया। दर्जनों गाड़ियां कचरा लेकर यहां पहुंची। रविवार को भी सुबह से ही निगम के आटो, छोटे टिप्पर यहां कचरा लेकर आते रहे। यह कचरा प्वाइंट गांधीनगर विधानसभा के अधीन सभी वार्डों से आने वाले कचरे को जमा करने के लिए बनाया गया है। एक ही दिन में यहां कचरे के ढेर लग गए हैं। हालांकि निगम इस कचरे को बड़े टिप्परों में भरकर कोट भलवाल पहुंचाने की प्रक्रिया में जुट गया है लेकिन गंदगी से फैलती बदबू क्षेत्र में फैल रही है। वेयर हाउस और पुराने आरटीओ कार्यालय के नजदीक बने इस कचरा प्वाइंट से स्थानीय निवासियों में भारी रोष व्याप्त हो गया है। उन्होंने नगर निगम को बिना देरी इस प्रक्रिया को बंद करने की चेतावनी दी है।

एनजीटी ने भगवती नगर में बंद करवाया कचरा फेंकना : जम्मू नगर निगम पहले भगवती नगर में तवी किनारे शहर भर के कचरे को ठिकाने लगाता था। वर्षों यह कवायद जारी रही। भगवती नगर व आसपास के लोगों के विरोध, प्रदर्शन भी होते रहे। कई बार निगम की गाड़ियों को भी स्थानीय लोगों ने पथराव कर तोड़ डाला। करीब तीन वर्ष पहले नेशनल ग्रीट ट्रिब्यूनल ने जल स्रोतों के किनारे कचरे के निस्तारण पर सख्ती दिखाई। जम्मू में भी ट्रिब्युनल की टीम ने दौरा किया। उसके बाद ट्रिब्युनल के निर्देशों पर निगम ने यहां कचरा फेंकना बंद किया और कोट भलवाल में अपनी जमीन पर कचरे के निस्तारण की व्यवस्था की। अभी भी निगम कोट भलवाल में काला गाम क्षेत्र में कचरा निस्तारण कर रहा है।

लोगों ने कॉरपोरेटर को सुनाया दुखड़ा फिर तवी नदी किनारे नगर निगम लगाने लगा कचरे के ढेर : स्थानीय निवासियों से संबंधित कॉरपोरेटर अमित गुप्ता को सूचित किया और मौके पर बुलाया। लोगों को सुनने और रोष को देखते हुए कॉरपोरेटर ने निगम की पब्लिक हेल्थ एंड सेनिटेशन कमेटी के चेयरमैन नरेंद्र सिंह बंटी को मौके पर बुलाया। नरेंद्र भी निगम अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने अधिकारियों व चेयरमैन के समक्ष रोष जताते हुए कहा कि किसी भी सूरत में यहां कचरे को जमा नहीं करने दिया जाएगा। इस पर चेयरमैन ने अधिकारियों से बात करते हुए इस प्वाइंट को यहां से 15 मार्च तक शिफ्ट करने का भरोसा दिलाया। वार्ड नंबर 19 के कॉरपोरेटर अमित गुप्ता ने लोगों को भरोसा दिलाया कि यहां से इस प्वाइंट को हटाने में कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों से अपील की कि वे बिना देरी इस प्रक्रिया को बंद करें।

तवी किनारे नहीं फेंकने देंगे कचरा : वार्ड नंबर 19 के कॉरपोरेटर अमित गुप्ता ने कहा कि सूर्यपुत्री तवी नदी के संरक्षण के प्रयास किए जा रहे हैं। बिना जानकारी के निगम ने हमारे वार्ड में तवी किनारे कचरा जमा करना शुरू कर दिया है। लोगों ने इसका कड़ा विरोध जताया है। लोगों में रोष है। हम तवी किनारे इस कचरे को नहीं फेंकने देंगे। निगम कहीं ओर कचरा प्वाइंट बनाए। मैंने निगम अधिकारियों व चेयरमैन को मौके पर बुलाया। उन्होंने 15 मार्च से पहले इस प्वाइंट को यहां से शिफ्ट करने का भरोसा दिलाया है।

कुछ दिनों में तवी किनारे से कचरा प्वाइंट हटा देंगे : नगर निगम के पब्लिक हेल्थ एंड सेनिटेशन कमेटी के चेयरमैन नरेंद्र सिंह ने कहा कि वेयर हाउस में पहले कचरा प्वाइंट होता था। आरएसपुरा व कठुआ रूट बस यूनियन नेताओं व दुकानदारों की शिकायतों पर अमल करते हुए हमने वहां से मौका बदला। जल्द ही दूसरी किसी जगह पर इस प्वाइंट को शिफ्ट करेंगे। 15 मार्च तक का समय लोगों से मांगा है। कचरा जमा कर फिर उसे कोट भलवाल पहुंचाया जाता है। तवी में कचरा नहीं जाना चाहिए, हमारी भी यही सोच है। अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं। कुछेक दिन में यह प्वाइंट हट जाएगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.