Jammu Smart City: जम्मू मेयर चंद्र मोहन गुप्ता बोले शहर का चौमुखी विकास हमारी प्राथमिकता
Jammu Smart City स्मार्ट सिटी के तहत भी प्रशासन ने हैंगिंग गार्डन का काम आगे बढ़ाया है। जम्मू नगर निगम शहर में विकास कार्यों को गति प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर को बेहतर सफाई के लिए काम कर रहा है।
जम्मू, जागरण संवाददाता: मेयर चंद्र मोहन गुप्ता ने शहर के वार्ड नंबर 40 में विकास कार्य शुरू करवाने के बाद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि शहर का चौमुखी विकास भारतीय जनता पार्टी की प्रमुखता है। जम्मू नगर निगम अपने स्तर पर हरेक वार्ड में विकास कार्याें को गति देकर जनसमस्याओं का समाधान कर रहा है। आने वाले दिनों में लोगों के सहयोग से जम्मू शहर स्मार्ट सिटी बन जाएगा।
वार्ड 40, तालाब तिल्लो के जवाहर नगर में गली नंबर दो में उन्होंने स्थानीय कॉरपोरेटर नीलम नरगोत्रा के साथ 4.52 लाख रुपये की लागत से विकास कार्याें को शुरू करवाया। उन्होंने यहां टाइलें डालने का काम शुरू करवाने के मौके पर कहा कि कॉरपोरेटर के प्रयासों से मुहल्ला वासियों की एक लंबित मांग पूरी होने जा रही है। उन्होंने कहा कि शहर में बस स्टैंड और पंजतीर्थी में मल्टीटियर पार्किंग का निर्माण कर लोगों को जाम से राहत देने की तैयारी है।
ऐसे ही शहर की खूबसरती के लिए भी विभिन्न प्रोजेक्ट शुरू किए जा रहे हैं। स्मार्ट सिटी के तहत भी प्रशासन ने हैंगिंग गार्डन का काम आगे बढ़ाया है। जम्मू नगर निगम शहर में विकास कार्यों को गति प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर को बेहतर सफाई के लिए काम कर रहा है। लोगों से अनुरोध है कि वे घरों के गंदगी को खुले में न फेंक कर निगम कर्मचारियों को ही सौंपे। सुबह लगभग हर मुहल्ले में निगम के आटो कचरा उठाने आते हैं। उन्हें ही यह कचरा सौंपे।
वहीं कॉरपोरेटर नीलम नगरोत्रा ने मेयर का धन्यवाद करते हुए वार्ड वासियों की अन्य दिक्कतों से भी मेयर को अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि वार्ड में पिछले दो सालों में बहुत से विकास कार्य शुरू करवाए गए हैं। कोशिश की जा रही है कि लोगों की हरेक समस्या का समाधान हो जाए। इसके लिए चरणबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। इस मोके पर मंडल प्रधान केशव चोपड़ा के अलावा राहुल नरगोत्रा, विजय शर्मा, सुनील गुप्ता, सचिन नगरोत्रा, सौरव, राकेश महाजन, वुरण, हरीश दत्ता आदि मौजूद थे।