Jammu Kashmir : सैन्य कर्मी की अपहृत पत्नी बच्चे संग पंजाब से बरामद
करीब बीस दिनों पूर्व छह वर्षीय बच्चे के साथ अपहृत महिला को अखनूर पुलिस ने पंजाब के जालंधर शहर से बरामद कर लिया।
जम्मू, जागरण संवाददाता । करीब बीस दिनों पूर्व छह वर्षीय बच्चे के साथ अपहृत महिला को अखनूर पुलिस ने पंजाब के जालंधर शहर से बरामद कर लिया। महिला का अपहरण करने के आरोपित के विरुद्ध अब थाने में दुष्कर्म का मामला भी दर्ज कर लिया गया है। महिला और बच्ची की मेडिकल जांच करवा कर उसे उसके परिजनों को सौंप दिया गया। अपहरण और दुष्कर्म आरोपित जितेंद्र सिंह निवासी आरएसपूरा को गिरफ्तार कर पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
आरोपित पर दुष्कर्म का मामला भी दर्ज
अखनूर के नाड़ी गांव में रहने वाले सैन्य कर्मी ने अपनी पत्नी व बच्चे के अपहरण का मामला अखनूर पुलिस थाने में 22 जुलाई को दर्ज करवाया था। जबकि उसकी 21 जुलाई को लापता हुई थी। सैन्य कर्मी ने आरोप लगाया था कि उसकी पत्नी को अंतिम बार जितेंद्र सिंह निवासी आरएसपूरा के साथ देखा गया था, जो उनका रिश्तेदार भी है। पत्नी के लापता होने के साथ ही जितेंद्र भी लापता है। उसने बहलाफुसला कर उसकी पत्नी का बच्चे समेत अपहरण किया है, जबकि दूसरा बच्चा घर पर हीं हैं।
जालंधर पुलिस के सहयोग से दबिश देकर पुलिस ने अपहृत महिला को बच्चे समेत बरामद कर लिया
मामले की जांच कर रही अखनूर पुलिस को यह पुख्ता सूचना मिली कि आरोपित जितेंद्र महिला और बच्चे को लेकर पंजाब के जालंधर में छुपा हुआ है। इस सूचना पर पुलिस की एक टीम पंजाब के लिए रवाना हुई। जालंधर पुलिस के सहयोग से दबिश देकर पुलिस ने अपहृत महिला को बच्चे समेत बरामद कर लिया, जबकि अपहरण के आरोपित को भी दबोच लिया गया। अखनूर पुलिस के अनुसार महिला के बयान के आधार पर आरोपित के विरुद्ध अपहरण के साथ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया गया है। महिला को जल्द कोर्ट में पेश कर उसके बयान दर्ज करवाए जाएंगे ताकि यह पता चल पाए कि वह किन परिस्थितियों में उसका अपहरण हुआ था।