Jammu: शहर में झपटमारों का आतंक, त्रिकुटा में महिला के हाथ से पर्स छीना
महिला को लेकर उसके रिश्तेदार सीधे त्रिकुटा नगर पुलिस थाने में पहुंच गए और पुलिस को वारदात की जानकारी दी।
जम्मू, जागरण संवाददाता: शहर के पाश इलाके त्रिकुटा नगर में मोटरसाइिकल सवार दो झपटमारों ने महिला के हाथ से पर्स छीन लिया। पर्स में नकदी के अलावा महिला के अहम दस्तावेज पडे थे। पर्स में कितनी नकदी थी, इस बात की जानकारी फिलहाल महिला ने त्रिकुटा नगर पुलिस को नहीं दी हैं। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामले को दर्ज कर लिया। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस झपटमारों की सुराग लगाने में जुट गई।
भगवती नगर इलाके में रहने वाली बंदना देवी पत्नी राज कुमार किसी काम के सिलसिले में त्रिकुना नगर इलाके में गए हुई थी। बीते वीरवार रात नौ बजे के करीब महिला घर जाने के लिए सड़क किनारे अपने रिश्तेदार का इंतजार कर रही थी कि इसी बीच मोटरसाइकिल सवार दो युवक आए। चूंकि लॉकडाउन के चलते रात के समय बाजारों में अधिक रश नहीं होता। इस बात का लाभ उठा कर मोटरसाइकिल सवार झपटमारों ने महिला के हाथ में पकड़े पर्स को छीन लिया। हालांकि वारदात के बाद महिला ने शोर मचाया, लेकिन वहां उसकी आवाज को सुनने वाला कोई भी नहीं था। जैसे ही महिला के रिश्तेदार घटना स्थल पर पहुंचे तो महिला ने उन्हें वारदात के बारे में सूचित किया।
महिला को लेकर उसके रिश्तेदार सीधे त्रिकुटा नगर पुलिस थाने में पहुंच गए और पुलिस को वारदात की जानकारी दी। हालांकि पुलिस ने वारदात की सूचना मिलते ही घटना स्थल से लगते त्रिकुटा नगर, नानक नगर, शास्त्री नगर नाके पर सूचित किया, लेकिन झपटमारों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई। ज्ञात रहे कि इन दिनों जम्मू में झपटमारों का आतंक है, कुछ दिनों पूर्व मुट्ठी में महिला के हाथ से पर्स झपट लिया गया था तो नगरोटा के जगटी में महिला के गले से सोने की चेन झपटी गई थी।