रेड जोन में चलाया सैनिटाइजेशन अभियान
जागरण संवाददाता जम्मू शहर के रेड जोन व हॉट स्पाट क्षेत्रों में मंगलवार को भी नगर निगम क
जागरण संवाददाता, जम्मू : शहर के रेड जोन व हॉट स्पाट क्षेत्रों में मंगलवार को भी नगर निगम की टीमों ने सैनिटाइजेशन अभियान चलाया। निगम आयुक्त अवनी लवासा के निर्देश पर निगम की हेल्थ विग ने क्रिश्चियन कालोनी, त्रिकुटा नगर, प्रेम नगर, तालाब तिल्लो, जानीपुर और सतवारी में सैनिटाइजेशन की गई।
वार्ड नंबर 7 की कॉरपोरेटर रितु चौधरी ने क्रिश्चियन कालोनी में अपनी देखरेख में सैनिटाइजेशन करवाई। विभिन्न गलियों में निगम कर्मचारियों को लेकर स्प्रे करवाई गई। इस दौरान उन्होंने लोगों से बहुत जरूरी होने पर ही घरों से निकलने और मास्क पहनने तथा शारीरिक दूरी बनाए रखने की अपील की। कर्मचारियों के साथ गलियों में पहुंच कर उन्होंने लोगों को राहत पहुंचाई।
वहीं कॉरपोरेटर ज्योति देवी की अध्यक्षता में त्रिकुटा नगर में सैनिटाइजेशन जारी रही। कॉरपोरेटर अजय गुप्ता ने भी वार्ड 52 के विभिन्न मुहल्लों में सैनिटाइजेशन करवाई। कॉरपोरेटर द्वारका चौधरी ने डिग्याना, संजय नगर के मुहल्लों में सैनिटाइजेशन करवाई। तालाब तिल्लो में संजय बडू और कॉरपोरेटर सुच्चा सिंह ने सैनिटाइजेशन करवाते हुए लोगों को राहत प्रदान की। निगम अधिकारियों का कहना है कि जहां कहीं से भी कोरोना वायरस के मामले आ रहे हैं, वहां टीमें भेज कर सैनिटाइजेशन करवाई जा रही है। हवाई अड्डे, रेलवे स्टेशन, सरकारी इमारतों, सरकारी अस्पतालों समेत जिन इमारतों में आइसोलेशन वार्ड बनाए गए हैं, उसमें रोजाना अभियान चलाए जा रहे हैं। जरूरत पड़ने पर फॉगिग और स्प्रे के बाद कोरोना वायरस से बचाव के लिए सोडियम हाइपो क्लोराइड और एथेनॉल का छिड़काव किया जा रहा है।
पब्लिक हेल्थ एंड सेनिटेशन कमेटी के चेयरमैन बलदेव सिंह बलोरिया ने कहा कि कोविड-19 के प्रकोप से निपटने के लिए निगम सक्रिय है। लोगों को भी समझना होगा कि हमें स्वयं जागरूक होना है और दूसरों को भी जागरूक करना है। निगम की टीमें रोजाना सैनिटाइजेशन कर रही हैं।