Coronavirus: प्लांवाला के दंगर कलीठ में एक ही परिवार के 5 सदस्य कोरोना पॉजिटिव, एमपी से लाैटा था जवान
इन मामलों के अलावा कलेन खौड़ का अनंतनाग से लौटा पचास वर्षीय व्रूक्ति मुंबई से लौटा नारायणा निवासी युवक भी पाॅजिटवि मिले हैं।
जम्मू, जागरण संवाददाता: जम्मू के सीमावर्ती प्लांवाला के दंगर कलीठ में एक ही परिवार के पांच सदस्य कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। ये सभी लोग सीआरपीएफ के मध्य प्रदेश से लौटे जवान के संपर्क में आने से पाॅजिटिव हुए थे। सीआरपीएफ का जवान इसी परिवार का सदस्य है और पॉजिटिव पाए गए लोगों में जवान की बीस वर्षीय बेटी, 18 वर्षीय बेटा उसका 17 वर्षीय भतीजा, 44 वर्षीय भाई और 42 वर्षीय भाभी शामिल हैं।
जवान के पॉजिटिव पाए जाने के बाद परिवार के ये सभी सदस्य होम क्वारंटाइन थे और उनके टेस्ट लिए गए थे। टेस्ट रिपोर्ट में सभी के पॉजिटिव पाए जाने के बाद उन्हें सीडी अस्पताल जम्मू में भर्ती करवा दिया गया है। उधर एक ही परिवार के पांच सदस्यों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है। लोग घरों में बंद हो गए हैं जबकि पुलिस ने भी इस परिवार के मोहल्ले को सील कर दिया है। इसके अलावा इसी गांव में श्रीनगर से छुट्टी पर आए आईआर छठी बटालियन का जवान भी कोरोना पॉजिटिव निकला है। वह जवान राधा स्वामी आश्रम परेयाड़ी, खौड़ में क्वारंटाइन था जिस कारण उसके संपर्क में उसके परिवार का कोई सदस्य नहीं आया था।
जिस तरह से यह मामले सामने आ रहे है, उससे अब सुरक्षित समझे जाने वाले ग्रामीण इलाके भी सुरक्षित नहीं रहे हैं। इन मामलों के अलावा कलेन खौड़ का अनंतनाग से लौटा पचास वर्षीय व्रूक्ति, मुंबई से लौटा नारायणा निवासी युवक भी पाॅजिटवि मिले हैं। वहीं खौड़ के खचील गांव की एक अस्सी वर्षीय महिला भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। इस महिला की कोई ट्रेवल हिस्ट्री भी सामने नहीं आई है। सभी पॉजिटिव लोगों को सीडी अस्पताल जम्मू में भर्ती करवााय गया है।