Budgam Road Accident: बडगाम सड़क हादसे में एक महिला की मौत, अन्य घायल, चालक गिरफ्तार
गंभीर अवस्था में इन दोनों महिलाओं को बारजुला श्रीनगर अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां एक महिला ने जख्मों का ताव न सहते हुए दम तोड़ दिया जबकि दूसरी महिला का इलाज जारी है।
श्रीनगर, जेएनएन। मध्य कश्मीर के जिला बडगाम के सुतसू छत्तरगाम में आज सुबह हुए एक सड़क हादसे में एक महिला की मौत जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ये दोनों महिलाएं तेज रफ्तार क्रेटा कार (JK01C-5708) की चपेट में आइ हैं। पैदल जा रही इन महिलाआें को टक्कर मार वाहन चालक मौके से फरार हो गया। हालांकि गंभीर अवस्था में इन दोनों महिलाओं को स्थानीय लोगों व पुलिस की मदद से बारजुला श्रीनगर अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां एक महिला ने जख्मों का ताव न सहते हुए दम तोड़ दिया। दूसरी महिला का इलाज जारी है।
बरजुला अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ सुहैल ने बताया कि ये दोनों महिलाएं सुबह अस्पताल में भर्ती हुई। दोनों घायल महिलाओं जिनकी पहचान हदीसा बेगम पत्नी हिमदाद हुसैन आैर हानिया बेगम पत्नी राज मोहम्मद में एक को गंभीर चोटें आई हुई थी। अस्पताल पहुंचते ही इलाज शुरू कर दिया गया परंतु दोपहर बाद गंभीर रूप से घायल महिला ने जख्मों का ताव न सहते हुए दम तोड़ दिया।
वहीं पुलिस ने बताया कि यह सड़क हादसा नौगाम पुलिस स्टेशन क्षेत्राधिकार में हुआ था। हाइसे के तुरंत बाद मौके से फरार ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि उसका वाहन भी जब्त कर लिया गया। यही नहीं नौगाम पुलिस स्टेशन में इस संबंध में मामला भी दर्ज कर लिया गया है। सड़क हादसे की शुरू की जा रही है। उन्होंने बताया कि एक महिला की मौत हो चुकी है जबकि दूसरी घायल महिला का इलाज चल रहा है।