JK Outreach Program: केंद्रीय मंत्रियों का दूसरा दल अप्रैल के बाद फिर आएगा जम्मू-कश्मीर
गृह मंत्रालय के अनुसार पिछले महीने 37 केंद्रीय मंत्रियों ने 12 जिलों में 60 स्थानों का दौरा किया था। यही नहीं इस दौरान 210 परियोजनाओं का उद्घाटन किया और 100 से अधिक जनसभाएं की।
जम्मू, जेएनएन। केंद्रीय मंत्रियों का दूसरा दल कश्मीर के लोगों की मन की बात जानने के लिए एक बार फिर उनके बीच आएगा। केंद्र सरकार इसकी योजना बना रही है। बजट सत्र का दूसरा भाग 3 अप्रैल को समाप्त होने वाला है। सत्र की समाप्ति के तुरंत बाद यात्रा की तारीखों की घोषणा की जा सकती है। गृह मंत्रालय पीएमओ से परामर्श के बाद जल्द ही दल में शामिल होने वाले केंद्रीय मंत्रियों के नामों को अंतिम रूप देगा।
इस बाद दूसरे दल में आने वाले मंत्रियों का पूरा फोक्स कश्मीर के 10 जिले में हाेगा। दरअसल पहली यात्रा में आने वाले केंद्रीय मंत्रियों ने कश्मीर व जम्मू संभाग के पहाड़ी इलाकों में भारी हिमपात के बाद अधिकांश जिलों में दौरे को रद कर दिया था। इस बाद ऐसी रूपरेखा तैयार की जा रही है कि प्रत्येक केंद्रीय मंत्री हरेक जिले में एक-दो दिनों बिताए और लोगों से बैठक कर उनकी समस्याओं को सुने।
आउटरीच कार्यक्रम के तहत सभी मंत्रियों को विभिन्न जिलों को सौंपा जाएगा। इनका काम केंद्रीय योजनाओं की प्रगति का जायजा लेना, लोगों की समस्याओं को सुनना और उन्हे हल करना होगा। गृह मंत्रालय के अनुसार पिछले महीने 37 केंद्रीय मंत्रियों ने 12 जिलों में 60 स्थानों का दौरा किया था। यही नहीं उन्होंने इस दौरान 210 परियोजनाओं का उद्घाटन किया और 100 से अधिक जनसभाएं की। सूत्रों ने बताया कि मंत्रियों की यह दूसरी यात्रा लंबित परियोजनाओं में तेजी लाने और शासन में सुधार के लिए जनता से प्रतिक्रिया प्राप्त करने में मदद करेगी।