जम्मू में ग्रेटर कैलाश नाके पर बस से 20 बैग संदिग्ध मिलावटी पनीर बरामद, फूड सेफ्टी विभाग कर रही जांच
जम्मू पुलिस ने ग्रेटर कैलाश नाके पर एक बस से संदिग्ध मिलावटी पनीर के 20 बैग बरामद किए हैं। खाद्य ...और पढ़ें

ग्रेटर कैलाश नाके पर बस से संदिग्ध मिलावटी पनीर के 20 बैग बरामद।
HighLights
ग्रेटर कैलाश नाके पर बस से पनीर बरामद।
20 बैग संदिग्ध मिलावटी पनीर जब्त किया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा पनीर की जांच होगी।
जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू पुलिस ने ग्रेटर कैलाश नाके पर जांच के दौरान एक बस से संदिग्ध मिलावटी पनीर के 20 बैग बरामद किए हैं। पुलिस ने मामले की सूचना खाद्य सुरक्षा विभाग को दी, जिसके बाद विभागीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पनीर को जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया।
13 और 14 सितंबर की मध्यरात्रि को गंग्याल थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्रेटर कैलाश नाके पर पुलिस ने बस को जांच के लिए रोका। बस की तलाशी के दौरान उसमें 20 बैग पाए गए, जिनमें पनीर भरा हुआ था। पुलिस को पनीर की गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचित किया गया।
इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को थाना गंग्याल बुलाया गया। पुलिस ने बरामद पनीर को विभागीय अधिकारियों के हवाले कर दिया। अब खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा पनीर के सैंपल लेकर उसकी जांच की जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल पनीर को संदिग्ध मिलावटी माना गया है। इसकी वास्तविक गुणवत्ता और उसमें किसी प्रकार की मिलावट की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
जम्मू पुलिस ने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में पुलिस पूरी सतर्कता बरत रही है और सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए खतरा पैदा करने वाली गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
