डेढ़ किलो गांजे के साथ महिला काबू
गांजे की तस्करी में संलिप्त महिला काबू
जागरण संवाददाता, जम्मू: कानाचक्क पुलिस ने मादक पदार्थ गांजे की तस्करी में संलिप्त एक महिला को पकड़कर उसके कब्जे से डेढ़ किलो गांजा बरामद किया है। महिला नशे की इस खेप को छत्तीसगढ़ से जम्मू में लेकर आने का दावा कर रही है। पकड़ी गई महिला की पहचान फूलाबाई निवासी छत्तीसगढ़ इन दिनों बाबा दा तालाब में रह रही है। पुलिस के अनुसार कुछ दिनों पूर्व उन्होंने गांजे की तस्करी में संलिप्त एक प्रवासी श्रमिक को पकड़ा था। उसने पूछताछ के दौरान खुलासा किया था कि गांजे को उसने फूलाबाई से खरीदा है। इस सूचना पर पुलिस कर्मियों ने महिला के पास एक जवान को ग्राहक बना कर भेजा। महिला ने तय समझौते के तहत जैसे ही पुलिस कर्मी को नशे की खेप सौंपा तो वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने उसे गांजे की खेप के साथ दबोच लिया। महिला ने पुलिस कर्मियों को बताया कि हाल हीं में वह अपने घर छत्तीसगढ़ गई थी, वहां से वापस लौटते हुए वह गांजे को अपने साथ जम्मू में बेचने के लिए ले आई थी। महिला को फिलहाल महिला पुलिस थाने में भेज दिया गया है। महिला से गांजा खरीदने वाले अन्य लोगों के बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है।