युवक पर तेजधार हथियार से हमला, हालत गंभीर
जागरण संवाददाता जम्मू सतवारी के फ्ला मंडाल में रहने वाले एक व्यक्ति पर कुछ लोगों ने तेजधार हथियार से हमला कर दिया।
जागरण संवाददाता, जम्मू : सतवारी के फ्ला मंडाल में रहने वाले एक व्यक्ति पर कुछ लोगों ने तेजधार हथियार से हमला कर दिया। हमले में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए तुरंत जीएमसी अस्पताल में ले जाया गया। घायल व्यक्ति की पहचान संपूर्ण सिंह निवासी सूरे चक्क, फ्ला मंडाल के रूप में हुई। सतवारी थाने में आरोपित के विरुद्ध हत्या का प्रयास, तेजधार हथियार का प्रयोग करने, मारपीट करने समेत अन्य आपराधिक धाराओं के तहत मामले को दर्ज कर लिया।
जानलेवा हमले में घायल संपूर्ण सिंह के भाई राज सिंह ने सतवारी पुलिस को सूचित किया कि सोमी कुमार निवासी फला मंडाल ने उसके कुछ साथियों के साथ मिल कर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। कातिलाना हमले की सूचना मिलते ही पुलिस कर्मी मौके पर पहुंच गए। पुलिस के आने से पूर्व आरोपित मौके से भाग निकला। हमले में घायल व्यक्ति को उपचार के लिए तुरंत अस्पताल में ले जाया गया। डाक्टरों ने बताया कि हमले में घायल व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है।