J&K: अमरनाथ यात्रा मार्ग पर शिवभक्तों के लिए ढाल बनकर खड़े हैं आईटीबीपी जवान Jammu News
यात्रा को कामयाब बनाने के लिए आईटीबीपी के जवानों ने जून महीने के अंतिम सप्ताह में पहलगाम बालटाल मार्ग के दुर्गम हिस्सों में डेरा डाल लिया था।
जम्मू, राज्य ब्यूरो। बर्फीले पहाड़ों पर सीमा की सुरक्षा सुनिश्चित करने में दक्ष इंडो-तिब्बतन बार्डर पुलिस (आईटीबीपी) श्री बाबा अमरनाथ यात्रा पर देश, विदेश से आ रहे श्रद्धालुओं के लिए ढाल बन रही है। बाबा अमरनाथ की गुफा के निकट ग्लेशियर पर बर्फ में यात्रा को सुगम बनाने का बंदोबस्त करने के साथ आईटीबीपी के जवान पहाड़ों से गिरने वाले पत्थरों से यात्रियोंं केो बचाने के लिए हरदम तैयार है। ये जवान न सिर्फ यात्रा को सुरक्षित बना रहे हैं अपितु दुर्गम हालात में यात्रियों काे चिकित्सा सुविधा देने के लिए भी आईटीबीपी की मेडिकल टीमें सक्रिय हैं।
यात्रा को कामयाब बनाने के लिए आईटीबीपी के जवानों ने जून महीने के अंतिम सप्ताह में पहलगाम, बालटाल मार्ग के दुर्गम हिस्सों में डेरा डाल लिया था। आईटीबीपी की मांउटेन रेस्कयू टीमों के पास यात्रियों को हर प्रकार की प्राकृतिक आपदा से बचाने के लिए पूरा बंदोबस्त है। इनमें पहाड़ों की ढलानों पर गिरने वाले छाेटे पत्थर को रोकने वाली शील्ड भी है। इससे गिरने वाले छोटे पत्थरों व बर्फ के टुकड़ों को रोका जा सकता है। मददगार की भूमिका निभा रहे ये जवान श्रद्धालुओं को तबीयत खराब होने पर तत्काल सहायता पहुंचा रहे हैं।
आईटीबीपी ने यात्रा मार्ग के ऐसे हिस्सों की पहचान की है यहां पर आक्सीजन कम है। इन जगहों पर यात्रियों को रूकने नही दिया जाता है। उन्हें वहां से आगे ले जाने के लिए जवान यात्रियों की सहायता करते हैं। बारह हजार फीट से उपर अगर किसी यात्री का दम फूलने लगे तो उसे फौरन आक्सीजन देकर सामान्य किया जाता है।
अब तक जवानों ने ऊंचाई पर सांस लेने में दिक्कत के बाद 25 श्रद्धालुओं की मदद की है। जवानों ने उन्हें तुरंत आक्सीजन देकर सुनिश्चित किया कि उनकी तबीयत और न बिगड़ जाए। बुधवार काे जम्मू से रवाना हुए 4,600 से अधिक श्रद्धालुओं में से 15 यात्रियों को सांस की तकलीफ हुई थी। उनकी हालत को देखते हुए वहां आईटीबीपी के जवानों ने यात्रियों की मदद की।
देश के विभिन्न राज्यों से श्री बाबा अमरनाथ यात्रा पर आने वाले श्रदालुओं को मदद देने की आईटीबीपी की मुहिम पंद्रह अगस्त को यात्रा संपन्न होने तक लगातार जारी रहेगी।