गंदे पानी की आपूर्ति के विरोध में प्रदर्शन
जागरण संवाददाता, जम्मू : जम्मू वेस्ट असेम्बली मूवमेंट के प्रधान सुनील डिम्पल ने पीएचई विभाग के खिलाफ
जागरण संवाददाता, जम्मू : जम्मू वेस्ट असेम्बली मूवमेंट के प्रधान सुनील डिम्पल ने पीएचई विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए राज्य प्रशासन से जम्मू पश्चिम में लोगों की समस्याओं के निवारण की मांग की। यहां प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सालों से इलाके में पीएचई की टंकियों को साफ नहीं किया गया। वहीं से गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। इतना ही नहीं कई स्थानों पर सीवरेज लीक पाइपों के कारण पानी को गंदा कर रहा है। उन्होंने कहा कि पीएचई की सिटी डिवीजन बेकार हो चुकी है। इस डिवीजन के कार्यों की सीबीआई जांच होनी चाहिए। इतना ही नहीं बहुत से क्षेत्रों में पानी का संकट बना हुआ है। पिछले एक हफ्ते से जम्मू पश्चिम के अधिकतर मुहल्लों में जलापूर्ति नहीं हो रही। उन्होंने राज्यपाल से मांग की कि वह चिनाब वॉटर स्कीम को शुरू कर शहर को जल संकट से बचाएं। उन्होंने कहा कि पंजतीर्थी, मांडा, न्यू प्लाट, मुट्ठी, बख्शी नगर के ट्यूबवेल कभी साफ नहीं किए गए। न ही इन्हें साफ करने की तारीख इन पर कहीं दर्शायी गई है। उन्होंने पीएचई कर्मचारियों की बायोमैट्रिक हाजिरी शुरू करने की भी मांग की। प्रदर्शनकारियों में हरबंस टंडन, चमन पवार, राजेंद्र वर्मा, विजय खजूरिया, कुलवंत शर्मा, जीएम गुप्ता, देव राज, अशोक खन्ना, मुकेश महाजन आदि शामिल थे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप