जम्मू में बूंदाबांदी से मौसम सुहावना
जागरण संवाददाता जम्मू पिछले कई दिनों से लगातार चढ़ते पारे को शुक्रवार रात और शनिवार क
जागरण संवाददाता, जम्मू : पिछले कई दिनों से लगातार चढ़ते पारे को शुक्रवार रात और शनिवार की सुबह हुई बारिश ने शांत करने का काम किया है। जम्मू संभाग के कई पहाड़ी इलाकों और कश्मीर संभाग में बारिश के चलते तापमान सामान्य से चार से आठ डिग्री सेल्सियस नीचे गिर गया है। जम्मू संभाग में दिनभर बादल छाए रहने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। रविवार को भी मौसम इसी तरह का बने रहने की संभावना है।
जम्मू में सुबह कुछ देर के लिए धूल भरी तेज हवा ने परेशान किया। उसके बाद हल्की बूंदाबांदी हो जाने से मौसम सुहावना हो गया। कश्मीर संभाग के काजीगुंड में पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा 28.1 एमएम बारिश रिकार्ड की गई। पहलगाम में 17.00 एमएम बारिश दर्ज की गई। कुपवाड़ा में 16.8 एमएम बारिश रिकार्ड की गई। जम्मू संभाग में सबसे ज्यादा बारिश बटोत में 9.8 दर्ज की गई। भद्रवाह में 8.8 एमएम बारिश हुई। बनिहाल में 6.2 एमएम, जबकि जम्मू में हल्की बारिश हुई। जम्मू में पहले सुबह और दोपहर को भी हल्की बारिश हुई।
राज्य भर में बारिश के बाद जम्मू का तापमान, जो पिछले दिनों 40.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, 32.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान बढ़कर 24.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। बनिहाल का अधिकतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस रहा। बटोत 20.6, कटड़ा 26.9, भद्रवाह 20.8 डिग्री सेल्सियस रहा। श्रीनगर का अधिकतम तापमान 18.6, काजीकुंड 15.6, पहलगाम 13.7, कुपवाड़ा 20.3, कोकरनाग 15.2, गुलमर्ग 10, लेह 18.8 और कारगिल का अधिकतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर से मिली जानकारी अनुसार रविवार को भी बादल छाए रहेंगे। तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप