पारे को लगे पर, तापमान 40 डिग्री के पार
प्रचंड गर्मी ने हर किसी को बेहाल कर रखा है। पारे को मानो पर्र लग चुके हैं और बुधवार को जम्मू का अधिकतम तापमान इस वर्ष पहली बार 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया।
जागरण संवाददाता, जम्मू : प्रचंड गर्मी ने हर किसी को बेहाल कर रखा है। पारे को मानो पर्र लग चुके हैं और बुधवार को जम्मू का अधिकतम तापमान इस वर्ष पहली बार 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। यह इस मौसम का सबसे गर्म दिन भी रहा।
पिछले कुछ दिनों से शाम को ठंडी हवाएं जरूर चल रही हैं, लेकिन दोपहर को सूर्य की तपिश सभी को झुलसा रही है। गर्म हवा के थपेडे़ और बढ़ता तापमान बेचैनी बढ़ा रहे हैं। लोग दोपहर को घरों से मुंह ढककर बाहर निकलने को मजबूर हैं। कहां कितना तापमान :
बुधवार को जम्मू का अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 25.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं बनिहाल का अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री, बटोत का 28.9, कटड़ा का 35.9 व भद्रवाह का अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रहा। उधर, श्रीनगर का अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री, पहलगाम का 20.9, गुलमर्ग का 16.0 डिग्री, लेह का 16.0 व कारगिल का 18.5 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य में कई जगह न्यूनतम तापमान अभी भी सामान्य से कम :
राज्य के कुछ क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान अभी भी सामान्य से नीचे ही चल रहा है। मंगलवार रात लेह का न्यूनतम तापमान 1.6, कारगिल का 2.3, गुलगर्म का 2.5 व पहलगाम का 2.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पूरे कश्मीर संभाग में ही न्यूनतम तापमान अभी 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चल रहा है। 14 दिन पहले छुआ 40 का आंकड़ा :
इस वर्ष पिछले साल के मुकाबले 14 दिन पहले ही तापमान 40 डिग्री सेल्सियस का आंकड़ा पार कर गया है। पिछले वर्ष 22 मई को तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। इससे पहले वर्ष 2012 में मई के पहले सप्ताह में ही तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार कर गया था। मौसम विशेषज्ञ डॉ. महेंद्र सिंह के अनुसार तापमान में उतार चढ़ाव सामान्य बात है।
अभी और बढ़ेगा तापमान :
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के निदेशक सोनम लोटस के अनुसार, वीरवार को जम्मू और लेह में मौसम साफ रहेगा। कश्मीर में बादल छाए रहेंगे। आगे अभी जल्द बारिश की संभावना नहीं है। जम्मू में तापमान में बढ़ोतरी होगी। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर जाने की संभावना है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप