मां से मारपीट पर 17 वर्षीय किशोर ने 20 वर्षीय सगे भाई की चाकू घोंप कर हत्या कर दी
कस्बे से दो किमी दूर गांव हर्षा दब्बड़ में सोमवार दोपहर 17 वर्षीय एक किशोर ने सगे भाई 20 वर्षीय ललित कुमार की चाकू घोंप कर हत्या कर दी।
बिश्नाह, संवाद सहयोगी। कस्बे से दो किमी दूर गांव हर्षा दब्बड़ में सोमवार दोपहर 17 वर्षीय एक किशोर ने सगे भाई 20 वर्षीय ललित कुमार की चाकू घोंप कर हत्या कर दी। पुलिस ने किशोर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, सोमवार दोपहर डेढ़ बजे किशोर स्कूल से घर लौटा। उस समय मां नीलम कुमारी रो रही थी।
किशोर ने रोने का कारण पूछा। मां ने बताया कि ललित ने मारा है। इससे आग बबूला किशोर आपा खो बैठा। उसने बड़े भाई से हाथापाई शुरू कर दी। इतना ही नहीं, पास में रखा चाकू उठाया और ललित के सीने में घोंप दिया। चाकू लगने से ललित की हालत गंभीर हो गई। वह जमीन पर गिरकर तड़पने लगा।
यह देख किशोर ने ही घायल भाई को उठाकर बिश्नाह के उप जिला अस्पताल लेकर पहुंचा। वहां डॉक्टरों ने ललित को मृत घोषित कर दिया। भाई की मौत का पता चलते ही आरोपित किशोर के होश उड़ गए। वह अस्पताल के ही एक कोने में अपना सिर पकड़कर बैठ गया। डॉक्टरों की सूचना पर बिश्नाह थाना प्रभारी राजेश शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। किशोर को गिरफ्तार कर लिया। ललित के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। उसका अंतिम संस्कार मंगलवार को किया जाएगा।
बड़ा भाई अकसर घर में करता था मारपीट
स्थानीय लोगों का कहना है कि बड़ा भाई अकसर घर में मारपीट करता था। यह बात छोटे भाई को नागवार गुजरती थी। सोमवार को भी ऐसा ही हुआ। हत्या की खबर क्षेत्र में जंगल में आग की तरह फैल गई। अस्पताल में सैकड़ों लोग जमा हो गए।
बार-बार मां हो रही थी बेसुध
घटना से मां नीलम कुमारी भी बेसुध हो गई। उसके दो ही बेटे थे। ग्रामीणों के अनुसार, गांव हर्षा दब्बड़ में नीलम का मायका है। उसकी शादी पंजाब में हुई थी। पति अमरनाथ की मौत के बाद से वह दोनों बेटों के साथ यहीं रहती है। बेटों के साथ काम-धंधा कर खर्च चलाती थी। अब एक बेटा रहा नहीं, दूसरे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अस्पताल में एक बेटे का शव तो दूसरी ओर पुलिस हिरासत में लिए गए छोटे बेटे को देखकर नीलम बार-बार बेसुध हो रही थी।