कप्तान मनप्रीन ने कहा- कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीतना लक्ष्य
हॉकी टीम का लक्ष्य कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड जीतना है।
बेंगलुरु। भारतीय हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह ने कहा कि न्यूजीलैंड दौरे से आगामी व्यस्त सत्र के लिए टीम लय हासिल कर लेगी। जिसमें पहला लक्ष्य राष्ट्रकुल खेलों में स्वर्ण पदक जीतना है। भारतीय टीम शुक्रवार को न्यूजीलैंड के रवाना हुई। जहां उसे बेल्जियम, न्यूजीलैंड और जापान के खिलाफ 17 जनवरी से दो अलग-अलग सीरीज खेलनी है।
चार देशों के इस आमंत्रण टूर्नामेंट की अहमियत पर जोर देते हुए मनप्रीत ने कहा कि शीर्ष टीमों के खिलाफ सत्र का आगाज करना अच्छा होता है। इस साल विश्व कप में बेल्जियम हमारे समूह में है और हम उसके खिलाफ ज्यादा से ज्यादा मैच खेलना चाहते हैं। न्यूजीलैंड और जापान की अच्छी टीमें हैं और इस टूर्नामेंट से राष्ट्रकुल खेलों की तैयारी में मदद मिलेगी। भुवनेश्वर में पिछले साल के अंत में हुए विश्व हॉकी लीग फाइनल के बारे में
मनप्रीत ने कहा-ऑस्ट्रेलिया, बेल्जियम और जर्मनी जैसी टीमों के खिलाफ अच्छे प्रदर्शन से टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है। पहले हममें अपने ऊंची रैंकिंग वाली टीमों के खिलाफ अच्छे प्रदर्शन का आत्मविश्वास नहीं था लेकिन अब हम इस भरोसे के साथ उतरते हैं कि उन्हें हरा सकते हैं।
अगले साल भारत को राष्ट्रकुल खेल, चैंपियंस ट्रॉफी, एशियाई खेल, एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी और ओडिशा में विश्व कप खेलना है। मनप्रीत ने कहा कि विश्व हॉकी लीग फाइनल्स के बाद हमें पता चल गया कि कहां मेहनत करनी है। हमने डिफेंस और सर्किल के भीतर मैन टू मैन मार्किंग पर काम किया है।हमारा लक्ष्य राष्ट्रकुल खेलों में स्वर्ण जीतना और एशियाई खेल में अपना स्वर्ण बरकरार रखना है। हमें अपनी कमजोरियों को अपनी ताकत बनाना होगा, तभी यह संभव है।