कोच मारिन ने पुरुष हॉकी खिलाड़ियों की लगाई क्लास, दिया ये कड़ा संदेश
शोर्ड मारिन ने टीम को आगाह किया कि अगर खिलाडिय़ों ने गेंद छीनने के कौशल में सुधार नहीं किया तो भारत विश्व रैंकिंग में छठे नंबर से आगे नहीं बढ़ पाएगा।
बेंगलुरु, प्रेट्र। भारतीय पुरुष हॉकी टीम के मुख्य कोच शोर्ड मारिन ने टीम को आगाह किया कि अगर खिलाडिय़ों ने गेंद छीनने के कौशल में सुधार नहीं किया तो भारत विश्व रैंकिंग में छठे नंबर से आगे नहीं बढ़ पाएगा। एशिया कप जीतने के बाद भारतीय टीम हॉकी विश्व लीग फाइनल्स की तैयारियां कर रही है जो एक से दस दिसंबर के बीच भुवनेश्वर में होगा।
करना होगा सुधार : मारिन ने कहा, 'मेरा मानना है कि हम प्रत्येक विभाग में सुधार कर सकते हैं। खिलाडिय़ों को गेंद छीनने के अपने कौशल में सुधार करना होगा, क्योंकि जवाबी हमला करना भारत का एक मजबूत पक्ष है। हम इसमें काफी अच्छे हैं और हम किसी भी देश के लिए खतरा बन सकते हैं। अगर हमने ऐसा (गेंद छीनने की कला में सुधार) नहीं किया तो हम हमेशा छठे नंबर पर ही बने रहेंगे। विश्व रैंकिंग में अभी अर्जेंटीना नंबर एक है। उसके बाद ऑस्ट्रेलिया, बेल्जियम, नीदरलैंड और जर्मनी का नंबर आता है।
हमें निरंतरता पर काम करने की जरूरत : उन्होंने कहा, 'कुछ अवसरों पर हम बहुत अच्छा प्रदर्शन करते हैं, लेकिन कई बार हमारा प्रदर्शन खराब रहता है। अगर हमने इस पर काम नहीं किया तो प्रतिद्वंद्वी टीमें हमारे खिलाफ गोल करेंगी। हमें अपनी निरंतरता पर काम करने की जरूरत है।
हॉकी विश्व लीग जीते भारत : कोच मारिन ने कहा, 'अगर आप रैंकिंग पर विचार करो तो अर्जेंटीना विश्व में नंबर एक हैं और ऑस्ट्रेलिया दूसरे नंबर पर है, लेकिन कुछ अन्य टीमें हैं जैसे स्पेन जिसने इन गर्मियों में अच्छा प्रदर्शन किया। पुरुष हॉकी में प्रतिस्पर्धा लगातार कड़ी होती जा रही है। हमें कुछ चौंकाने वाले परिणाम देखने को मिल सकते है जो विश्व हॉकी के लिए अच्छा है। मैं खुद को दबाव वाली स्थिति में नहीं लाना चाहता हूं, लेकिन कम रैंकिंग वाली टीमों में कुछ छुपे रुस्तम भी हैं। मैं वादा नहीं कर सकता कि भारत हॉकी विश्व लीग जीतेगा, लेकिन मैं चाहता हूं कि टीम इसके लिए कोशिश करे।