भारतीय हॉकी टीम को मिला नया प्रायोजक, पांच साल तक ओडिशा सरकार करेगी प्रोयाजन
ओडिशा सरकार अगले पांच साल के लिए राष्ट्रीय पुरुष एवं महिला टीम को प्रायोजित करेगी।
नई दिल्ली, जेएनएन। भारतीय हॉकी टीम को नया प्रायोजक मिल गया है। ओडिशा सरकार अगले पांच साल के लिए राष्ट्रीय पुरुष एवं महिला टीम को प्रायोजित करेगी। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने गुरुवार को राजधानी दिल्ली में आयोजित एक समारोह में इसकी घोषणा की।
ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में इस साल 28 नवंबर से 16 दिसंबर तक हॉकी विश्व कप टूर्नामेंट का आयोजन होगा। इस मौके पर नवीन पटनायक ने कहा, हम इस साझेदारी से काफी खुश हैं। ओडिशा सरकार अगले पांच साल तक भारत की पुरुष और महिला टीम को प्रायोजित करेगी। मैं आप सभी का विश्व कप के लिए स्वागत करता हूं।
इस मौके पर टीम की नई जर्सी भी जारी की गई, जिस पर ओडिशा सरकार का नया लोगो है। इस मौके पर अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ के अध्यक्ष नरेंद्र बत्रा भी मौजूद थे।
भारतीय टीम के लिए ये बेहद ही अच्छी खबर हैं। इस साल भारतीय हॉकी टीम को पांच बड़े टूर्नामेंट खेलने हैं। तीन से 10 मार्च तक 27वां सुल्तान अजलन शाह कप, फिर चार अप्रैल से राष्ट्रमंडल, अगस्त में एशियाई खेलों जैसे बड़े टूर्नामेंट में भाग लेना है। इसके बाद एशिया कप और विश्व कप में अच्छा प्रदर्शन करने जिम्मेदारी भी हॉकी टीम पर होगी।