FIH के दूसरी बार अध्यक्ष बने नरेंद्र बत्रा, कड़े मुकाबले में दो वोट से मिली जीत, अब 2024 तक पद पर बने रहेंगे
भारत के अनुभवी प्रशासक नरेंद्र बत्रा को अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआइएच) के अध्यक्ष पद पर दोबारा चुन लिया गया है। हॉकी की वैश्विक संस्था एफआइएच की 47वीं कांग्रेस के दौरान बत्रा को लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए चुना गया।
नई दिल्ली, पेट्र। भारत के अनुभवी प्रशासक नरेंद्र बत्रा को अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआइएच) के अध्यक्ष पद पर दोबारा चुन लिया गया है। हॉकी की वैश्विक संस्था एफआइएच की 47वीं कांग्रेस के दौरान बत्रा को लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए चुना गया। भारतीय ओलंपिक संघ (आइओए) के अध्यक्ष और अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आइओसी) के सदस्य बत्रा ने अपने प्रतिद्वंद्वी बेल्जियम हॉकी महासंघ के प्रमुख मार्क कोड्रोन को कड़े मुकाबले में दो वोट से हराया।
बत्रा को 63 जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी को 61 मत मिले। मतदान में 124 सदस्य संघों ने हिस्सा लिया। बत्रा अब 2024 तक एफआइएच के अध्यक्ष रहेंगे। यह बैठक कोरोना के कारण ऑनलाइन आयोजित की गई। यह 47वीं कांग्रेस पिछले साल दिल्ली में आयोजित होनी थी लेकिन कोरोना के कारण इसे स्थगित करना पड़ा। बत्रा 2016 में एफआइएच के पहले गैर यूरोपियन अध्यक्ष चुने गए थे।
बत्रा ने कहा कि उनकी प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना होगा कि हॉकी विश्व स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा, 'मेरी प्राथमिकता खेल को विश्व स्तर पर विकसित करना है और ऐसा करने के लिए हमें लगातार नए प्रारूपों और आयोजनों के साथ आगे बढ़ने की आवश्यक्ता है। हमें अपनी वित्तीय स्थिरता को बढ़ाने की जरूरत है। एक अच्छी तरह से विकसित राजस्व मॉडल स्थायी वित्तीय विकास हासिल करने की कुंजी है। मैंने भारतीय वाणिज्यिक भागीदारों से आगे जुड़ाव में गहरी दिलचस्पी देखी है, जिन्हें मैं ग्लोबल इवेंट और विकास पहलों में शामिल करने के लिए मिलकर काम करना जारी रखूंगा।'
टोक्यो ओलंपिक जाने वाले 273 सदस्यों को लगा टीका
भारतीय ओलंपिक संघ (आइओए) के अनुसार, टोक्यो ओलंपिक जाने वाले कुल 273 सदस्यों को कोविड-19 का पहला टीका लगाया जा चुका है। इसमें 163 एथलीट व पैरा एथलीट जबकि 110 कोच व सहयोगी स्टाफ शामिल हैं।144 खिलाडि़यों को पहला टीका लग चुका है जिसमें एथलीट व पैरा एथलीट समेत 19 खिलाडि़यों को दो टीके लगाए जा चुके हैं। वहीं, कोच व स्टाफ के सदस्यों को मिलाकर 23 लोगों को दोनों टीके लग चुके हैं। इन सभी सदस्यों को टोक्यो ओलंपिक (23 जुलाई) व टोक्यो पैरालंपिक (24 अगस्त) खेलों के लिए जापान जाना हैं। अब तक भारत के 90 खिलाडि़यों ने विभिन्न खेलों में टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया है।