अंतरराष्ट्रीय हॉकी परिषद नरिंदर बत्रा का आइओए प्रमुख बनना तय
अनिल खन्ना के अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने से नाम वापस लिए जाने के बाद बत्र का अध्यक्ष चुना जाना केवल तकनीकी औपचारिकता है।
नई दिल्ली, जेएनएन। अंतरराष्ट्रीय हॉकी परिषद (एफआइएच) प्रमुख नरिंदर बत्रा का गुरुवार को प्रस्तावित भारतीय ओलंपिक संघ की वार्षिक आम बैठक में संघ का अध्यक्ष चुना जाना तय है। बत्र के अलावा संघ के वर्तमान महासचिव राजीव मेहता दूसरे कार्यकाल के लिए चुने जाएंगे।
कोषाध्यक्ष पद पर भी आनंदेश्वर पांडेय की ताजपोशी लगभग तय है। अखिल भारतीय टेनिस संघ के पूर्व अध्यक्ष अनिल खन्ना के अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने से नाम वापस लिए जाने के बाद बत्र का अध्यक्ष चुना जाना केवल तकनीकी औपचारिकता है।
वर्तमान कोषाध्यक्ष खन्ना ने अंतिम तारीख तीन दिसंबर तक नाम वापस नहीं लिया था। बुधवार को दिल्ली हाइकोर्ट ने ओलंपिक संघ के चुनाव में हस्तक्षेप करने से इन्कार कर दिया। जस्टिस एस रविंद्र भट्ट और नाजमी वजीरी की पीठ ने संघ को निर्देश दिया कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान खेल संहिता का उल्लंघन न किया जाए।
वकील राहुल मेहरा ने खेल संहिता के उल्लंघन के चलते कोर्ट से ओलंपिक संघ की चुनाव प्रक्रिया पर रोक लगाने के लिए याचिका दायर की थी।