विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारतीय हॉकी टीम ने चीनी ताइपे को दी पटखनी, कप्तान अनमोल के 6 गोल के दम पर जीत हासिल कर सेमीफाइनल में बनाई जगह

Published: Wed, 09 Sep 2026 09:20 PM (IST)

भारतीय जूनियर हॉकी टीम ने कप्तान अनमोल इक्का के 6 गोल की बदौलत चीनी ताइपे को 15-0 से रौंदकर जूनियर एशिया कप के सेमीफाइनल में जगह पक्की की।

भारतीय हॉकी टीम

भारतीय हॉकी टीम

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

पीटीआई, मोकी। कप्तान अनमोल इक्का ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए छह गोल किए जिससे मौजूदा चैंपियन भारत ने बुधवार को चीनी ताइपे को 15-0 से रौंदकर जूनियर एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह पक्की की। अनमोल ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने के अपने कौशल का शानदार नमूना पेश किया।

भारतीय टीम पहले क्वार्टर में गोल नहीं कर पाई थी लेकिन इसके बाद उसने शानदार खेल दिखाया और दनादन गोल दागे।भारत ने पहले क्वार्टर में गेंद पर कब्जा बनाए रखा लेकिन वह ताइपे की रक्षापंक्ति को भेदने में नाकाम रहे। भारत ने दूसरे क्वार्टर में पांच मिनट के अंदर तीन गोल किए। आर्यन जेस (17वें मिनट), प्रभदीप सिंह (18वें मिनट) और गुरसेवक सिंह (22वें मिनट) ने स्कोरलाइन 3-0 कर दिया।

भारत ने हाफ टाइम तक दागे 6 गोल

इसके बाद अनमोल (25वें मिनट) ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अपना पहला गोल किया। अर्जुन संतोष हरगुडे ने 28वें मिनट में गोल दागा, जबकि अगले ही मिनट अनमोल ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला। इस तरह से भारत ने हाफ टाइम तक 6-0 की बढ़त बना ली थी।

भारत ने जारी रखा आक्रामक रवैया

भारत ने इसके बाद भी आक्रामक रवैया अपनाया तथा तीसरे क्वार्टर के शुरुआती तीन मिनट के भीतर दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए। अनमोल ने इन दोनों को गोल में बदलने में किसी तरह की गलती नहीं की। अजीत यादव ने भी 35वें मिनट में गोल करके स्कोरशीट पर नाम दर्ज कराया, जबकि अनमोल ने गोल करने का सिलसिला जारी रखा।

उन्होंने 45वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अपना पांचवां गोल किया और भारत को 10-0 से आगे कर दिया। भारतीय टीम ने अंतिम 15 मिनटों में भी मनमाफिक गोल किए। हरपाल ने 48वें मिनट में मैदानी गोल दागा जिसके बाद अनमोल ने 51वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर मैच का अपना छठा गोल किया। इसके बाद हरपाल ने अपना दूसरा गोल दागा, वहीं आर्यन जेस ने दो गोल किए।

यह भी पढ़ें- एशियन गेम्‍स 2026 में नीली जर्सी में खेलती नजर आएगी भारतीय टीम, हॉकी इंडिया अध्‍यक्ष ने बताई इनसाइड स्टोरी

यह भी पढ़ें- कॉमनवेल्थ में ऐतिहासिक प्रदर्शन के बाद स्वर्ण का सपना लिए एशियाई खेलों को रवाना हुई महिला हॉकी टीम