वर्ल्ड लीग सेमीफाइनल : जापान ने भारतीय महिला टीम को दी शिकस्त
भारतीय महिला टीम को हॉकी वर्ल्ड लीग सेमीफाइनल में पांचवें से आठवें स्थान के मुकाबले में जापान के हाथों 0-2 की हार का सामना करना पड़ा।
जोहानिसबर्ग, प्रेट्र। भारतीय महिला टीम को हॉकी वर्ल्ड लीग सेमीफाइनल में पांचवें से आठवें स्थान के मुकाबले में जापान के हाथों 0-2 की हार का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम अब सातवें और आठवें स्थान के लिए शनिवार को खेलेगी।
भारतीय गोलकीपर सविता ने इस मैच में कई अच्छे बचाव किए वरना हार का अंतर कहीं बड़ा हो सकता था। जापान ने यह मुकाबला जीतकर अगले वर्ष होने वाले महिला विश्व कप के लिए अपनी संभावनाएं मजबूत कर ली हैं।
भारत ने अच्छी शुरुआत की। मोनिका ने शुरुआती मिनटों में ही गोलपोस्ट पर निशाना साधा, लेकिन जापान की गोलकीपर मेगुमी कागेयामा ने गोल नहीं होने दिया। जापान भी हालांकि पीछे नहीं रहा। उसने अपनी आक्रामकता भी दिखाई और सातवें मिनट में पहला पेनाल्टी कॉर्नर भी हासिल किया जिसे काना नोमुरा में गोल में बदला। जापान ने इसके बाद आठवें और 10वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किए, लेकिन इस बार मोनिका और सविता ने गोल नहीं होने दिया।
दूसरे क्वार्टर में भारत ने आक्रामकता में इजाफा किया, लेकिन इसका कोई फायदा वह उठा नहीं सका। जापान ने भी इस क्वार्टर में कुछ मौके बनाए, हालांकि सफलता उसके हाथ भी नहीं लगी। इस बीच सविता ने शानदार गोलकीपिंग करते हुए जापान को गोल से महरूम रखा। जापान ने अपना दूसरा गोल 29वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर पर किया। नाहो इचितानी ने यह गोल दागा।
तीसरे क्वार्टर में बढ़त के साथ मैदान पर उतरी जापानी महिलाओं ने और आक्रामकता दिखाई और दो पेनाल्टी कॉर्नर सहित पोस्ट पर कई निशाने साधे, लेकिन भारतीय गोलकीपर सविता और उसकी रक्षापंक्ति ने तीसरा गोल नहीं करने दिया। भारत ने आखिरी 15 मिनट में कुछ मौके बनाए, लेकिन उसकी खिलाड़ी इन मौकों का फायदा नहीं उठा पायीं।