भारतीय पुरुष और महिला 'ए' टीमें ऑस्ट्रेलिया रवाना
भारत की पुरुष और महिला 'ए' हॉकी टीमें पर्थ में 28 सितंबर से शुरू होने वाली ऑस्ट्रेलिया हॉकी लीग के लिए रवाना हो गई।
नई दिल्ली, प्रेट्र। भारत की पुरुष और महिला 'ए' हॉकी टीमें पर्थ में 28 सितंबर से शुरू होने वाली ऑस्ट्रेलिया हॉकी लीग (एएचएल) के लिए रवाना हो गई। लीग में गत चैंपियन विक्टोरिया सहित दस टीमें खिताब के लिए उतरेंगी।
पुरुष 'ए' टीम बेंगलुरु स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) सेंटर और महिला 'ए' टीम भोपाल स्थित साइ सेंटर में ऑस्ट्रेलिया लीग के लिए तैयारियों में जुटी थी। पुरुष टीम की अगुआई गोलकीपर विकास दहिया कर रहे हैं। टीम में 2016 जूनियर विश्व कप टीम के भी कई खिलाड़ी शामिल हैं। दहिया ने कहा, 'मेरा मानना है कि टीम में खिलाडिय़ों का अच्छा मिश्रण है। हममें से कई एक-दूसरे के साथ चार साल से ज्यादा समय से खेल रहे हैं। खिलाडिय़ों में बढिय़ा समझ है और ऑस्ट्रेलिया में चुनौती का सामना करने के लिए हमने अच्छी तैयारी की है।उनके मुताबिक, टूर्नामेंट में अच्छे प्रदर्शन से खिलाड़ी दिसंबर में भुवनेश्वर में होने वाले पुरुष हॉकी विश्व लीग फाइनल से पहले राष्ट्रीय चयनकर्ताओं का ध्यान खींच सकते हैं।
वहीं, महिला टीम की कमान 19 वर्षीय प्रीति दुबे के हाथ में है। उन्होंने कहा, 'चार या पांच को छोड़कर टीम की ज्यादातर लड़कियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने का मौका नहीं मिला है। एएचएल में भाग लेने के लिए महिला टीम को पहली बार भेजा जा रहा है, इससे सभी खिलाड़ी काफी रोमांचित हैं।
पुरुष 'ए' टीम का पहला मैच 29 सितंबर को पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया से और महिला टीम का पहला मैच इसी दिन विक्टोरिया से होगा।