नई दिल्ली, आईएएनएस। भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने दूसरे मैच में मेजबान दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 8-0 की बड़ी जीत दर्ज की। इससे पहले, भारतीय टीम ने 8-1 की जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की थी। दक्षिण अफ्रीका दौरा महत्वपूर्ण एशिया कप अंडर-21 के लिए टीम की तैयारियों का हिस्सा है, जो आगामी एफआईएच महिला हॉकी जूनियर विश्व कप के लिए क्वालीफिकेशन टूर्नामेंट है।
मेहमान टीम ने पहले क्वार्टर में अपने आक्रमण में बेहतरीन कौशल और अनुशासित संरचना के साथ अच्छी शुरुआत की। टीम का पहला गोल मैच के पहले मिनट में अन्नू ने किया। इसके बाद, शनिवार को उपकप्तान रुजाता दादासो पिसाल ने नौवें मिनट में गोल दागा। टीम ने 26वें मिनट में ज्योति छत्री के मैदानी गोल से बढ़त को 3-0 कर दिया। उन्होंने अगले मिनट में एक और गोल कर टीम की बढ़त को 4-0 तक पहुंचा दिया।
दूसरा क्वार्टर समाप्त होने से पहले, भारतीय जूनियर महिला टीम ने 29वें और 30वें मिनट में दीपिका सोरेंग और ज्योति छत्री के माध्यम से दो और गोल किए। बोर्ड पर 6-0 की आरामदायक बढ़त के साथ, मेहमान टीम ने 54वें और 59वें मिनट में अन्नू और दीपिका सीनियर द्वारा किए गए दो और गोलों के साथ चौथे क्वार्टर का अंत किया। टीम अगला मैच 20 फरवरी को खेलेगी और उसके बाद 24 और 25 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका 'ए' टीम के खिलाफ दो मैच होने हैं।
28 पहलवानों का दल जाएगा इजिप्ट
इजिप्ट में गुरुवार से शुरू हो रही विश्व रैंकिंग कुश्ती प्रतियोगिता के लिए भारत से 28 पहलवानों का दल जाएगा। भारतीय दल में बजरंग, रवि, दीपक और साक्षी तथा विनेश का नाम शामिल नहीं है। इन पहलवानों ने प्रतियोगिताओं का बहिष्कार जारी रखा हुआ है। 23 से 27 फरवरी तक में खेली जाने वाली प्रतियोगिता में 11 पहलवान ग्रीको रोमन और नौ फ्री स्टाइल तथा आठ लड़की पहलवान शामिल है।
ग्रीको रोमन स्पर्धा के 55 किग्रा में मनजीत, 60 विक्रम, 63 नीतिन,67 में कर्णजीत व आशू, 72 अंकित, 77 सजन, 82 रोहित, 87 सुनील, 97 नरेंद्र, 130 नवीन शामिल है। फ्री स्टाइल के 57 किग्रा में उदित, 61पंकज, 65 सुजीत, 74 सागर,79 प्रदीप, 86 जोंटी, 92 पृथ्वीराज, 97 साहिल, 125 में दिनेश शामिल है। लड़कियों के वर्ग के 55 किग्रा में सुषमा, 57 सिटो, 59 सिमरन, 62 सुमित्रा, 65 भतेरी, 68 राधिका, 72 रितिका, 76 में किरन शामिल है।