सुल्तान ऑफ जोहोर कप : जूनियर हॉकी में भारत ने जापान को हराया
भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने आठवें सुल्तान जोहोर कप में जापान को 1-0 से हराकर टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत दर्ज की।
जोहोर बाहरू (मलेशिया), प्रेट्र। भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने आठवें सुल्तान जोहोर कप में जापान को 1-0 से हराकर टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत दर्ज की। मुकाबले का इकलौता गोल 42वें मिनट में भारतीय कप्तान मंदीप मोर ने पेनाल्टी कॉर्नर के जरिये किया।
भारत-जापान के बीच खेले गए इस मुकाबले के पहले क्वार्टर में बारिश की वजह से कुछ मिनटों के लिए खेल प्रभावित हुआ जिसमें दोनों टीमों ने अपने दम दिखाए। पूरे मुकाबले के दौरान भारतीय अग्रिम पंक्ति को जापान की डिफेंस के अनुशासित और अच्छे खेल के सामने संघर्ष करना पड़ा। भारत ने पहले क्वार्टर में गोल करने के कुछ मौके बनाए। उसे पेनाल्टी कॉर्नर भी मिला, लेकिन जापान के कुशल डिफेंस के कारण भारत स्कोर नहीं कर सका। दूसरे क्वार्टर में भी कोई टीम गोल नहीं कर पाई। इसके बाद भारत ने तीसरे क्वार्टर में अपने आक्रमण में तेजी लाने की कोशिश की और उसे दो पेनाल्टी कॉर्नर मिले जिनमें से दूसरे पेनाल्टी कॉर्नर पर मंदीप ने गोल दागा। एक गोल की बढ़त हासिल करने के बाद भारतीय टीम ने अपनी पूरी ताकत गोल बचाने में झोंक दी। गोलकीपर पंकज रजक ने कुछ बेहतरीन बचाव किए। जब खेल खत्म होने में महज एक मिनट का समय बचा हुआ था तब जापान को पेनाल्टी कॉर्नर मिला लेकिन भारतीय टीम ने शानदार बचाव करके मुकाबले को अपने नाम किया और पूरे अंक हासिल किए।
इससे पहले भारतीय जूनियर टीम ने मलेशिया को 2-1 और न्यूजीलैंड को 7-1 से हराया था। भारत अपने चौथे मुकाबले में 10 अक्टूबर को मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगा।