टोक्यो ओलंपिक 2021 में अपने पहले मैच में न्यूजीलैंड से भिड़ेगी भारतीय हॉकी टीम
टोक्यो ओलंपिक 2021 के लिए हॉकी टीमों का शेड्यूल जारी हो गया है जिसमें भारतीय टीम अपना पहला मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलेगी।
नई दिल्ली, पीटीआइ। चार दशक से पदक के लिए इंतजार कर रही भारतीय पुरुष हॉकी टीम से उम्मीद है कि टोक्यो ओलंपिक 2021 में पदक का सूखा समाप्त होगा। भारतीय पुरुष हॉकी टीम को अपने ओलंपिक अभियान का आगाज 24 जुलाई को न्यूजीलैंड के खिलाफ करना है। हालांकि, अभी इसमें एक साल का समय है, लेकिन अभी से टीम के सभी खिलाड़ियों की निगाहें टोक्यो ओलंपिक में पदक जीतने पर होनीं चाहिए। ओलंपिक के लिए खिलाड़ी जमकर तैयारी भी कर रहे हैं।
इतना ही नहीं, 24 जुलाई 2021 को ही भारत की महिला हॉकी टीम नीदरलैंड्स से पहला अपना मैच खेलेगी। आठ बार की चैंपियन भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया, अर्जेंटीना, स्पेन, न्यूजीलैंड और मेजबान जापान के साथ ग्रुप-ए में रखा गया है, जबकि ग्रुप बी में बेल्जियम, नीदरलैंड्स, जर्मनी, ब्रिटेन, कनाडा और दक्षिण अफ्रीका है। भारतीय पुरुष हॉकी टीम को 25 जुलाई को ऑस्ट्रेलिया से, 27 जुलाई को स्पेन, 29 जुलाई को गत चैंपियन अर्जेंटीना और 30 जुलाई को जापान से खेलना है।
महिला वर्ग में भारत को पूल-ए में नीदरलैंड्स, जर्मनी, ब्रिटेन, आयरलैंड और दक्षिण अफ्रीका के साथ रखा गया है। पूल बी में ऑस्ट्रेलिया, अर्जेंटीना, न्यूजीलैंड, स्पेन, चीन और जापान हैं। महिला टीम 24 जुलाई को नीदरलैंड्स के खिलाफ खेलने के बाद जर्मनी (26 जुलाई), ब्रिटेन (28 जुलाई), अर्जेंटीना (29 जुलाई) और जापान (30 जुलाई) से खेलेगी। ओलंपिक की आयोजन समिति ने ओलंपिक खेलों के आयोजनों के लिए 48 स्थानों का चयन भी कर लिया है।
पहले हॉकी स्पर्धा 25 जुलाई से सात अगस्त 2020 के बीच होनी थी। अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ ने शुक्रवार को संशोधित कार्यक्रम के साथ मैचों के क्रम और स्थान में भी बदलाव का एलान किया। दोनों पूल से शीर्ष चार टीमें क्वार्टर फाइनल खेलेंगी। पुरुष वर्ग के क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल एक, तीन और पांच अगस्त को होंगे जबकि महिला वर्ग में ये मुकाबले दो, चार और छह अगस्त को खेले जाएंगे।