कौन बनेगा करोड़पति शो में जल्द ही नजर आएगी भारतीय हॉकी टीम
भारतीय हॉकी टीम केबीसी में जल्द ही नजर आएगी।
मुंबई। भारतीय हॉकी टीम अब मेगास्टार अमिताभ बच्चन की मेजबानी वाले शो 'कौन बनेगा करोड़पति (केबीसी)' में नजर आएगी। अमिताभ ने इन खिलाड़ियों को देश का ब्रांड एंबेसडर बताया। इस शो के लिए टीम ने शूटिंग कर ली है।
दिग्गज अभिनेता अमिताभ ने इंस्टाग्राम पर केबीसी के सेट से भारतीय खिलाड़ियों के साथ एक फोटो साझा की। इस फोटो के साथ अमिताभ ने लिखा, 'केबीसी के कर्मवीर एपिसोड में भारतीय हॉकी टीम का सम्मान। इनकी प्रतिबद्धिता और प्रयास देश के लिए तुलना से परे है। जब हम अपने देश के खिलाड़ियों को सम्मानित करते हैं, तो हम देश को सम्मानित करते हैं। देश का गौरव हैं ये, तिरंगे की शान और मान हैं ये।'
अमिताभ ने अपने ब्लॉग पर भी लिखा, 'खेल इस देश की पहचान है। जब हम इसमें उपलब्धि हासिल करते हैं, तो पूरा विश्व इसे देखता है। खिलाड़ी देश के ब्रांड एंबेसडर हैं।' अमिताभ ने इस साल ओडिशा में होने वाले विश्व कप के लिए भारतीय पुरुष टीम के लिए समर्थन का आग्रह भी किया।