Move to Jagran APP

FIH पुरस्कारों में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा, बेल्जियम ने उठाए सवाल

FIH पुरस्कारों में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला जिस पर बेल्जियम ने सवाल उठाए हैं। भारत की महिला हाकी खिलाड़ी गुरजीत कौर और भारत के पुरुष खिलाड़ी हरमनप्रीत ने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार हासिल किया है।

By Vikash GaurEdited By: Published: Thu, 07 Oct 2021 08:08 AM (IST)Updated: Thu, 07 Oct 2021 08:08 AM (IST)
FIH पुरस्कारों में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा, बेल्जियम ने उठाए सवाल
FIH Awards में भारत ने कई पदक जीते हैं (फोटो हाकी इंडिया ट्विटर)

लुसाने, पीटीआइ। भारत ने अंतरराष्ट्रीय हाकी महासंघ (एफआइएच) के वार्षिक पुरस्कारों में बुधवार को अपना दबदबा बनाया तथा मतदान पर आधारित प्रणाली में सभी वर्गो में शीर्ष पुरस्कार हासिल किए जिसे पुरुष ओलिंपिक चैंपियन बेल्जियम ने पुरस्कारों की विफलता करार दिया। बेल्जियम के विरोध के बाद एफआइएच ने कहा कि वह यह पता लगाने का प्रयास करेगा कि कुछ संघों ने अपना मत क्यों नहीं डाला।

loksabha election banner

भारत के पांच खिलाड़ियों तथा पुरुष और महिला टीमों के मुख्य कोच ने विभिन्न वर्गो में सर्वाधिक मत पाकर शीर्ष पुरस्कार हासिल किए। भारतीय पुरुष हाकी टीम ने टोक्यो ओलिंपिक खेलों में कांस्य पदक जीता था जबकि महिला टीम चौथे स्थान पर रही थी।

गुरजीत कौर (महिला) और हरमनप्रीत सिंह (पुरुष) ने अपने वर्गो में वर्ष का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार हासिल किया। सविता पूनिया (सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर, महिला), पीआर श्रीजेश (सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर, पुरुष), शर्मिला देवी (सर्वश्रेष्ठ उदीयमान स्टार, महिला) और विवेक प्रसाद (सर्वश्रेष्ठ उदीयमान स्टार, पुरुष) के साथ-साथ भारत की महिला टीम के कोच सोर्ड मारिन और पुरुष टीम के मुख्य कोच ग्राहम रीड भी सर्वाधिक मत पाकर शीर्ष पर रहे। ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत और गुरजीत ने अपनी टीमों की तरफ से ओलिंपिक खेलों में सर्वाधिक गोल किए थे।

हाकी बेल्जियम ने विजेताओं की घोषणा होने के बाद इस पर कड़ी प्रतिक्रिया की और पुरस्कारों की प्रक्रिया पर सवाल उठाए क्योंकि टोक्यो खेलों के चैंपियन को एक भी पुरस्कार नहीं मिला। राष्ट्रीय संघों के मतों को कुल परिणाम का 50 प्रतिशत माना गया। राष्ट्रीय संघों का प्रतिनिधित्व उनके संबंधित राष्ट्रीय कप्तानों और कोच ने किया। इसके अलावा प्रशंसकों और खिलाडि़यों (25 प्रतिशत) तथा मीडिया (25 प्रतिशत) के मतों के आधार पर अंतिम फैसला किया गया। यूरोप के 42 सदस्यों में से केवल 19 संघों ने ही मतदान में हिस्सा लिया जबकि एशिया के 33 सदस्यों में से 29 ने मत डाले।

हाकी बेल्जियम ने ट्वीट किया, "हम इन पुरस्कारों के परिणामों से बेहद निराश हैं। एक स्वर्ण पदक विजेता टीम जिसके सभी वर्गों में कई नामांकन थे, उसे एक भी पुरस्कार नहीं मिला जिससे मत प्रणाली की विफलता का पता चलता है। हम भविष्य में एक निष्पक्ष प्रणाली सुनिश्चित करने के लिए एफआइएच के साथ काम करेंगे।" टीम के आधिकारिक हैंडल पर भी इसी तरह की भावनाएं व्यक्त की गई हैं। टीम की तरफ से ट्वीट किया गया, "हम पूरी तरह से सहमत हैं। यह सामान्य नहीं है। हमारे खेल की विश्वसनीयता और छवि एक बार फिर मुश्किल दौर से गुजर रही है। बेहद अफसोस की बात है।"

एफआइएच के अनुसार, कुल 79 राष्ट्रीय संघों ने मतदान में हिस्सा लिया। इनमें अफ्रीका के 25 सदस्यों में से 11, एशिया के 33 में से 29, यूरोप के 42 में से 19, ओसेनिया के आठ में से तीन तथा पैन अमेरिका के 30 में से 17 सदस्य शामिल हैं। रिकार्ड 300000 प्रशंसकों ने मतदान किया। पुरस्कारों में प्रशंसकों की भागीदारी बेजोड़ रही। बेल्जियम की आपत्ति के बाद भी एफआइएच ने बयान जारी करके अपनी स्थिति स्पष्ट की और वादा किया कि अगर जरूरी हुआ तो वह इसकी समीक्षा करेगा। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.