कोरोना से उबर चुके भारतीय हॉकी खिलाड़ी को फिर से कराया गया अस्पताल में भर्ती
भारतीय हॉकी टीम के डिफेंडर सुरेंदर कुमार को बेंगलुरु के अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत सामान्य है। इससे पहले सुरेंदर कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे।
नई दिल्ली, जागरण न्यूज नेटवर्क। हाल ही में भारतीय हॉकी टीम के डिफेंडर सुरेंदर कुमार को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया था। कोविड-19 टेस्ट में पॉजिटिव आने के कुछ सप्ताह के बाद वे इससे उबर तो गए, लेकिन कुछ दिन के बाद ही सुरेंदर कुमार को फिर से अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। इस बार उनको कोरोना से संबंधित कोई परेशानी नहीं है, बल्कि उनके हाथ में सूजन है, जिसकी वजह से उनको अस्पताल ले जाया गया।
सुरेंदर कुमार को बायें हाथ में सूजन आने की वजह से गुरुवार को फिर से बेंगलुरु के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। सुरेंदर सहित पांच अन्य भारतीय खिलाड़ियों को कोरोना हो गया था। भारतीय हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह, स्ट्राइकर मनदीप सिंह, डिफेंडर सुरेंदर कुमार, जसकरण सिंह, ड्रैग फ्लिकर वरुण कुमार और गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक कोविड 19 टेस्ट में पॉजिटिव पाए थे। इनमें से ज्यादातर खिलाड़ियों को किसी तरह की परेशानी नहीं थी।
सुरेंद्र समेत इन सभी 6 खिलाड़ियों को कोरोना वायरस महामारी से उबरने के बाद सोमवार को ही एसएस स्पर्श मल्टीस्पेशियेलिटी अस्पताल से छुट्टी मिली थी। इसके बाद भारतीय खिलाड़ी क्वारंटाइन में थे, लेकिन जब सुरेंदर ने अपने हाथ में सूजन के बारे में डॉक्टर को जानकारी दी तो उन्हें एहतियात के तौर पर फिर से उसी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। अस्पताल में उनकी हालात सामान्य बनी हुई है।
भारतीय खेल प्राधिकरण के एक सूत्र ने कहा कि वह पूरी तरह से ठीक हैं। उनमें कोविड-19 के कोई लक्षण नहीं हैं, लेकिन एहतियाती तौर पर उनके सभी परीक्षण होंगे, जिससे यह पता लगाया जा सके कि यह कोविड-19 से जुड़ा है या नहीं। हालांकि, अभी तक ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया है कि हाथ में सूजन कोरोना के कारण है। अभी डॉक्टर्स की रिपोर्ट आना बाकी है, जिसमें पता चलेगा कि आखिर सूजन के पीछे का राज क्या है।