India vs Pakistan Asia Cup Men’s Hockey Match 2022: भारत-पाकिस्तान का मुकाबला 1-1 से रहा ड्रा
India vs Pakistan Live Streaming, Asia Cup Men’s Hockey Match 2022: एशिया कप हाकी 2022 में भारतीय टीम का पहला मुकाबला अपने चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान के साथ हुआ। इस मुकाबले में भारतीय टीम को जीत नहीं मिल सकी और मैच 1-1 की बराबरी पर खत्म हुआ।
टोक्यो ओलिंपिक पदक विजेता बीरेंद्र लाकड़ा की कप्तानी में भारतीय हाकी टीम ने एशिया कप हाकी 2022 में इंडोनेशिया के जकार्ता में अपना पहला मैच पाकिस्तान के खिलाफ खेला। इस मैच में भारत को जीत नहीं मिल सका और ये मैच एक-एक की बराबरी पर खत्म हुआ। भारत इस वक्त डिफेंडिंग चैंपियन है और पाकिस्तान के खिलाफ जो टीम मैदान पर उतरी थी उसमें कई नए चेहरे शामिल थे। इस टूर्नामेंट में आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं और इन्हें दो ग्रुप में बांटा गया है। भारत को ग्रुप ए में रखा गया है जिसमें जापान, पाकिस्तान के अलावा टूर्नामेंट को होस्ट कर रही टीम इंडोनेशिया भी शामिल है। ग्रुप बी में मलेशिया, कोरिया, ओमान और बांग्लादेश की टीम है। भारत और पाकिस्तान ने अब तक तीन-तीन बार एशिया कप का खिताब अपने नाम किया है जबकि साउथ कोरिया सबसे ज्यादा चार बार चैंपियन बनी है।
भारत का अगला मुकाबला अब जापान के साथ
पाकिस्तान के खिलाफ एक-एक से ड्रा खेलने के बाद अब भारत का अगला मैच जापान के साथ मंगलवार को होगा।
भारत-पाकिस्तान का मुकाबला एक-एक से हुआ ड्रा
एशिया कप हाकी 2022 में भारतीय टीम ने अपना पहला मैच पाकिस्तान के खिलाफ खेला। भारत को इस मैच में जीत नहीं मिल सकी। हालांकि भारत ने पहले क्वार्टर के 8वें मिनट में गोल करके बढ़त बना ली थी और इस बढ़त को चौथे क्वार्टर के आखिरी समय तक बनाए रखने में कामयाब रही थी, लेकिन 58वें मिनट में राना अब्दुल ने गोल करके पाकिस्तान की मैच में वापसी करवा दी और मुकाबला 1-1 की बराबरी पर खत्म हुआ।
पाकिस्तान ने 58वें मिनट में गोल किया
पाकिस्तान की तरफ से 58वें मिनट में राना अब्दुल ने गोल करके स्कोर को 1-1 से बराबर कर दिया।
तीन मिनट का खेल शेष, भारत की बढ़त जारी
अब सिर्फ तीन मिनट का खेल बचा है और भारतीय टीम की बढ़त कायम है। मैच के दौरान भारतीय टीम ने 57 फीसदी गेंद को अपने कब्जे में रखा है।
रिजवान अली को ग्रीन कार्ड दिखाया गया
पाकिस्तान खिलाड़ी रिजवान अली को 54वें मिनट में ग्रीन कार्ड दिखाया गया तो इससे पहले खेल के दूसरे मिनट में शकील मोइन को ग्रीन कार्ड दिखाया गया था।
5 मिनट का खेल बाकी, भारत की बढ़त जारी
55 मिनट का खेल समाप्त हो चुका है और 5 मिनट का खेल बचा है। फिलहाल भारत की बढ़त जारी है और पाकिस्तान उससे 0-1 से पीछे है।
उत्तम सिंह को यलो कार्ड दिखाया गया
उत्तम सिंह को 47वें मिनट में यलो कार्ड दिखाया गया था तो वहीं बीरेंद्र लाकड़ा को 43वें मिनट में ग्रीन कार्ड दिखाया गया था।
उत्तम सिंह को कार्ड दिखाया गया
भारतीय खिलाड़ी उत्तम सिंह को कार्ड दिखाया गया और इसका ये मतलब है कि वो खेल के दौरान दो मिनट मैदान से बाहर रहेंगे। तीसरे क्वार्टर के आखिरी पल में कप्तान बीरेंद्र लाकड़ा को भी इसी तरह से कार्ड दिखाया गया था और वो मैदान से बाहर रहे थे।
चौथे क्वार्टर में 50 मिनट का खेल खत्म, भारत की बढ़त जारी
चौथे क्वार्टर का खेल जारी है और 50 मिनट का खेल खत्म हो चुका है। तीसरे क्वार्टर के आखिरी में भारत को बैक टू बैक दो पेनाल्टी कार्नर मिले थे, लेकिन टीम इसे गोल में नहीं बदल पाई थी। फिलहाल भारत की टीम पाकिस्तान के 1-0 से आगे है।
तीसरे क्वार्टर का खेल खत्म, भारत 1-0 से आगे
भारत व पाकिस्तान के बीच खेले जा रहे इस मुकाबले में तीसरे क्वार्टर का खेल खत्म हो चुका है। इस क्वार्टर में भी कोई टीम गोल नहीं कर सकती। दूसरे क्वार्टर में भी किसी टीम के द्वारा गोल नहीं किया जा सका था। फिलहाल तीसरे क्वार्टर के बाद भारत 1-0 से आगे है।
भारत को मिला पेनाल्टी कार्नर
भारतीय टीम अपनी बढ़त को और आगे करने के लिए लगातार पाकिस्तान पर दवाब बना रही है। एक और पेनाल्टी कार्नर भारत को मिली, लेकिन ये गोल में तब्दील नहीं हो सका। भारत 1-0 से आगे।
पाकिस्तान को मिला पेनाल्टी कार्नर, गवां दिया मौका
पाकिस्तान को पेनाल्टी कार्नर मिला और उसके पास गोल करने का एक शानदार मौका भी था, लेकिन इस टीम ने इस मौको को गंवा दिया। अली गजानफारी की ये भूल टीम के लिए कहीं घातक ना साबित हो।
सूरज करकेरा ने प्वाइंट ब्लैंक सेव किया
भारतीय गोलकीपर सूरज करकेरा शानदार खेल का प्रदर्शन कर रहे हैं। एक शानदार पास को अब्दुल राना ने कलेक्ट किया और गोल करने का जबरदस्त प्रयास किया, लेकिन करकेरा ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
भारत की बढ़त कायम, तीसरे हाफ का खेल शुरू
तीसरे हाफ का खेल शुरू हो चुका है। भारतीय टीम ने पहले दो हाफ में 1-0 से अपनी बढ़त बनाए रखी है। हालांकि तीसरे हाफ की शुरुआत से ही पाकिस्तानी टीम आक्रामक दिख रही है।
दूसरे क्वार्टर का खेल खत्म, भारत 1-0 से आगे
दूसरे क्वार्टर का खेल खत्म हो चुका है और इस दौरान भारत व पाकिस्तान की तरफ से कोई भी गोल नहीं हो सका। दूसरे क्वार्टर के आखिरी में सूरज करकेरा ने अच्छा गोल बचाया और इसके दम पर भारत का स्कोर 1-0 रहा।
भारत को मिला पेनाल्टी कार्नर
भारत को गोल करने का मौका मिला और उसने पेनाल्टी कार्नर भी हासिल किया, लेकिन पाकिस्तान के गोलकीपर अकमल हुसैन ने भारतीय टीम की उम्मीदों पर पानी फेर दिया, लेकिन भारत 1-0 से आगे।
भारत 1-0 से आगे
दूसरे क्वार्टर में 25 मिनट का खेल खत्म हो चुका है, लेकिन भारतीय टीम आगे है। हालांकि दोनों टीमें अपने लिए मौके निकालने की कोशिश कर रही है और लगातार एक-दूसरे पर आक्रमण कर रही हैं।
20 मिनट का खेल खत्म, भारत की बढ़त जारी
दूसरे क्वार्टर का खेल जारी है और 20 मिनट का खेल खत्म हो चुका है। बहरहाल भारतीय टीम 1-0 से आगे चल रही है।
दूसरे क्वार्टर का खेल शुरू, भारत की बढ़त जारी
दूसरे क्वार्टर का खेल शुरू हो चुका है, लेकिन भारत की बढ़त बनी हुई है। पाकिस्तान की टीम ने अपना आक्रमण तेज कर दिया है और गेंद को ज्यादा से ज्यादा अपने पाले में रखने की कोशिश कर रही है।
पहले क्वार्टर में भारत ने पाकिस्तान पर 1-0 की बढ़त बनाई
पहले क्वार्टर यानी 15 मिनट का खेल खत्म हो चुका है और फिलहाल भारत ने 1-0 की बढ़त पाकिस्तान पर बना ली है। भारत के लिए 8वें मिनट में पहला गोल सेल्वम कार्थी ने किया।
पहले क्वार्टर के 13 मिनट का खेल खत्म
पहले क्वार्टर के 13 मिनट का खेल खत्म हो चुका है और भारतीय टीम ने 1-0 की बढ़त कायम रखी है।
भारत 1-0 से आगे
भारत के लिए आठवें मिनट में सेल्वम कार्थी ने गोल किया और टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। सेल्वम में ये गोल पेनाल्टी कार्नर पर दागा।
भारत-पाकिस्तान का स्कोर 0-0 से बराबरी पर
दोनों टीमों की तरफ से अटैक किया जा रहा था और पाकिस्तान के लिए एक शानदार मौका भी बना, लेकिन भारतीय टीम अच्छी तरह से बचाव करने में सफल रहा।
भारत को मिला पेनाल्टी कार्नर
सुनील ने भारत को पहला पेनाल्टी कार्नर दिलवाया, लेकिन नीलम संजीव इसका फायदा नहीं उठा पाए और भारत को बढ़त नहीं मिल पाई। फिलहाल स्कोर 0-0 से बराबरी पर।
पाकिस्तान को मिला पहला पेनाल्टी कार्नर
भारत ने शुरुआत से गेंद पर कब्जा बनाए रखने में कामयाबी हासिल की, लेकिन पाकिस्तान को पहला पेनाल्टी कार्नर मिल गया। हालांकि पाकिस्तान गोल करने में कामयाब नहीं हो पाया और स्कोर अभी 0-0 ही है।
दोनों टीमें मैदान पर
भारत और पाकिस्तान दोनों ही टीमें युवा खिलाड़ियों से पूरी तरह से लैस है और मैदान पर पहुंच चुकी है। दोनों टीमें जल्दी से गोल करके बढ़त लेने की कोशिश करेगी।
भारत का अगला मैच जापान के साथ
भारत को एशिया कप 2022 का अपना अगला मैच जापान के खिलाफ खेलना है जिसने अपने पहले ही मैच में मेजबान इंडोनेशिया को 9-0 के अंतर से हराया है। भारत जापान के खिलाफ मंगलवार को मैच खेलेगा और फिर गुरुवार को इंडोनेशिया के खिलाफ भारतीय टीम मैच खेलने मैदान पर उतरेगी।
भारत में अगले साल खेला जाएगा हाकी वर्ल्ड कप
एशिया कप टूर्नामेंट हाकी वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफायर का काम करता है जिसका आयोजन अगले साल जनवरी में भारत में किया जाएगा। मेजबान होने की वजह से भारत को इसमें सीधे एंट्री मिलेगी और इसकी वजह से भारतीय टीम पूरा प्रयोग करने के लिए स्वतंत्र है।
पाकिस्तान के खिलाफ कई नए चेहरे उतरेंगे मैदान पर
पाकिस्तान के खिलाफ इस मैच में कई खिलाड़ी सीनियर पदार्पण करने के लिए तैयार हैं। ये सभी उस टीम का हिस्सा थे जिन्होंने पिछले साल जूनियर विश्व कप जीता था। इसमें ड्रैग-फ्लिकर यशदीप सिवाच, डिफेंडर अभिषेक लाकड़ा और मंजीत, मिडफील्डर विष्णुकांत सिंह और फारवर्ड उत्तम सिंह शामिल हैं। मिडफील्डर मरीसवेयरन शक्तिवेल और शेष गौड़ा बीएम, और फारवर्ड अभारन सुदेव, पवन राजभर और एस कार्थी भी अपना पहला मैच खेलेंगे।
बीरेंद्र लाकड़ा कर रहे हैं टीम की कप्तानी
पाकिस्तान के खिलाफ इस बेहद अहम मुकाबले में भारतीय हाकी टीम की कमान बीरेंद्र लाकड़ा के हाथों में है जो बेहद अनुभवी हैं साथ ही वो ओलिंपिक पदक विजेता भारतीय टीम का हिस्सा भी रह चुके हैं।
पिछली बार भारत ने मलेशिया को हराकर जीती थी ट्राफी
भारतीय हाकी टीम ने पिछली बार मलेशिया को 2-1 से हराकर एशिया कप पर कब्जा जमाया था। ये टूर्नामेंट भारत में ही खेला गया था। ये भारत का तीसरा खिताब था और इस बार भी भारत ने जीत हासिल की तो वो साउथ कोरिया की बराबरी कर लेगा। इस एशिया कप के लिए युवा टीम का चयन किया गया है और इस टीम के साथ अनुभवी खिलाड़ी के रूप में कप्तान बीरेंद्र लाकड़ा और एस वी सुनील भी हैं।
एशिया कप के पहले मैच में भारत का सामना पाकिस्तान के साथ
बीरेंद्र लाकड़ा की कप्तानी में भारतीय हाकी टीम एशिया कप हाकी 2022 में अपने पहले ही मैच में पाकिस्तान के खिलाफ मैदान पर उतरने जा रही है। भारतीय टीम ने तीन बार ये खिताब अपने नाम अब तक किया है और वो डिफेंडिंग चैंपियन भी है। वहीं साउथ कोरिया ने सबसे ज्यादा चार बार ये टाइटल जीता है।