भारतीय हॉकी टीम की जीत की हैट्रिक, भारत ने जापान पर 4-2 से दर्ज की शानदार जीत
भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने चार देशों के आमंत्रण टूर्नामेंट के दूसरे चरण के मैच में जापान को 4-2 से शिकस्त देकर अपना अजेय अभियान जारी रखा।
हैमिल्टन, प्रेट्र। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने चार देशों के आमंत्रण टूर्नामेंट के दूसरे चरण के मैच में जापान को 4-2 से शिकस्त देकर अपना अजेय अभियान जारी रखा। न्यूजीलैंड को 3-2 और बेल्जियम को 5-4 से हराने के बाद भारत ने मनदीप सिंह (58वां मिनट) और रमनदीप सिंह (58वां मिनट) के गोलों के दम पर जापान को हराया। इसके साथ ही भारत ने लगातार तीसरा मुकाबला अपने नाम करते हुए जीत की हैट्रिक पूरी की।
इससे पहले भारत के लिए विवेक सागर प्रसाद (12वां मिनट) और वरुण कुमार (30वां मिनट) ने गोल किए। जापान के लिए सेरेन तनाका (14वां मिनट) और शोटा यामाडा (43वां मिनट) ने गोल दागे। भारत का सामना अब तीसरे नंबर की टीम बेल्जियम से होगा, जिसने मेजबान न्यूजीलैंड को 4-0 से मात देकर फाइनल में जगह बनाई।
पहले क्वार्टर में भारत का दबदबा रहा और भारतीयों ने जापानी खेमे में जमकर हमले बोले। हरजीत सिंह ने मिडफील्ड से गेंद लेकर फॉरवर्ड अरमान कुरैशी को सौंपी, जिन्होंने इसे विवेक को दिया और उन्होंने भारत के लिए पहला गोल दागा। तौरंगा में अपने पहले ही मैच में दो गोल करने वाले विवेक इस दौरे पर काफी प्रभावी रहे हैं और उन्होंने गोल करने के कई मौके बनाए।
जापान के लिए बराबरी का गोल तनाका ने किया। दूसरे क्वार्टर में भारत ने लय बरकरार रखी। उधर जापानी डिफेंस के बिखरने से भारत को लगातार दो पेनाल्टी कॉर्नर मिले और दूसरे को वरुण ने गोल में बदलकर भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी।
तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में दोनों टीमों को पेनाल्टी कॉर्नर मिले। भारत को तीसरा पेनाल्टी कॉर्नर 32वें मिनट में मिला, लेकिन हरमनप्रीत सिंह इसे गोल में नहीं बदल सके। जापान के लिए दूसरा गोल यामादा ने पेनाल्टी कॉर्नर पर किया। अंतिम समय में मनदीप और रमनदीप ने दो गोल दागकर भारत की जीत सुनिश्चित की।