भारत ने न्यूजीलैंड को दी शिकस्त, फाइनल में भारत का बेल्जियम की टीम से होगा सामना
भारत ने चार देशों के आमंत्रण हॉकी टूर्नामेंट के आखिरी राउंड रॉबिन मुकाबले में न्यूजीलैंड को 3-1 से शिकस्त दी।
तौरंगा। मजबूत डिफेंस और और शानदार आक्रमण के दम पर भारत ने चार देशों के आमंत्रण हॉकी टूर्नामेंट के आखिरी राउंड रॉबिन मुकाबले में न्यूजीलैंड को 3-1 से शिकस्त दी।
भारत के लिए युवा खिलाड़ी हरमनप्रीत सिंह (दूसरा मिनट), दिलप्रीत सिंह (12वां मिनट) और मनदीप सिंह (47वां मिनट ) ने गोल दागे, जबकि न्यूजीलैंड के लिए एकमात्र गोल केन रसेल (42वां मिनट) ने किया। इसके साथ ही अनुभवी खिलाड़ी बीरेंद्र लाकड़ा ने भारत के लिए 150वां मैच खेला।
न्यूजीलैंड को फाइनल में पहुंचने के लिए सिर्फ ड्रॉ की जरूरत थी, लेकिन भारत ने उसे मात देकर फाइनल में अपनी जगह बनाई जहां उसका सामना रविवार को ओलंपिक रजत पदक विजेता बेल्जियम की टीम से होगा। बेल्जियम जापान को 4-1 से मात देकर फाइनल में पहुंचा। पिछले मैच में भारत को बेल्जियम ने 2-0 से हराया था।
भारत ने शनिवार को आक्रामक खेल दिखाया। इसका फायदा दूसरे ही मिनट में मिला जब मनदीप ने टीम को पेनाल्टी कॉर्नर दिलाया। इसे हरमनप्रीत ने गोल में बदला। इसके बाद कीवी टीम दबाव में आ गई। भारत ने अगले कुछ मिनट तक अपना डिफेंस बेहद मुस्तैद रखा। न्यूजीलैंड को भारतीय सर्कल में हमले बोलने के ज्यादा मौके नहीं मिले। भारतीय जूनियर खिलाड़ी दिलप्रीत सिंह ने भारत के लिए दूसरा गोल करक बढ़त 2-0 की कर दी। फिर भारत ने एक पेनाल्टी कॉर्नर गंवाया जिसे केन रसेल ने गोल में बदलकर न्यूजीलैंड को मैच में लौटाने की कोशिश की, लेकिन भारतीय टीम दबाव में नहीं आई। इसके बाद मनदीप ने गोल करके भारत का स्कोर 3-1 कर दिया।