प्रो हॉकी लीग: भारत ने नीदरलैंड्स को 5-2 से हराया, रूपिंदर पाल सिंह ने किए दो गोल
भारतीय हॉकी टीम ने एफआइएच प्रो-लीग का शानदार आगाज करते हुए अपने से ऊंची रैंकिंग वाली नीदरलैंड्स को करारी शिकस्त दी है।
भुवनेश्वर, आइएएनएस। विश्व की पांचवें नंबर की भारतीय हॉकी टीम ने एफआइएच प्रो-लीग का शानदार आगाज करते हुए अपने से ऊंची रैंकिंग वाली नीदरलैंड्स को करारी शिकस्त दी है। भारत ने शनिवार को कलिंगा स्टेडियम में खेले गए प्रो-लीग के अपने पहले मैच में विश्व नंबर तीन नीदरलैंड्स को 5-2 से हरा दिया। भारत ने मेहमान टीम को अपने दबदबे का अहसास पहले मिनट से ही करा दिया था। इस मैच में मेजबान सिर्फ दूसरे क्वार्टर में बैकफुट पर रही। बाकी के समय वह नीदरलैंड्स से एक कदम आगे ही दिखी।
मेजबान टीम ने जिस तरह की शुरुआत की उसकी उम्मीद तो नीदरलैंड्स को भी नहीं थी। मैच जैसे ही शुरू हुआ 10 सेकंड के भीतर भारत ने गोल कर दिया। गुरुजंत सिंह ने पहला गोल करके टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। नीदलैंड्स इस गोल के सदमे से वापसी कर भी नहीं पाई थी कि भारत के बेहतरीन ड्रैग फ्लिकर रूपिंदर पाल सिंह ने उसकी निराशा को और बढ़ा दिया। 12वें मिनट में भारत को पेनाल्टी कॉर्नर मिला और रूपिंदर ने गोल कर भारत को पहले क्वार्टर में ही 2-0 से आगे कर दिया।
दो मिनट बाद नीदरलैंड्स भी पेनाल्टी कॉर्नर अर्जित करने में सफल रही जिसे जिप जॉनसन ने गोल में तब्दील कर दिया। पहले क्वार्टर का अंत भारत ने 2-1 की बढ़त के साथ किया है। दूसरे क्वार्टर में नीदरलैंड्स ज्यादा हावी रही। उसे 19वें मिनट में लगातार तीन पेनाल्टी कॉर्नर मिले। हालांकि मेजबानों ने तीनों बचा लिए लेकिन अंतत: मेहमान टीम ने 28वें मिनट में फील्ड गोल कर स्कोर बराबर कर लिया।
तीसरे क्वार्टर में भारत ने दो गोल कर अपनी बढ़त वापस ले ली। इस क्वार्टर में भारत के लिए 33वें मिनट में मनदीप और 36वें मिनट में हरमनप्रीत सिंह ने गोल किए। ललित उपाध्याय ने चौथे गोल में हरमनप्रीत की मदद की और भारत को 4-2 से आगे कर दिया। भारतीय टीम यहीं नहीं रुकी। चौथे क्वार्टर में रूपिंदर पाल सिंह ने अपना दूसरा और भारत का पांचवां गोल कर दिया। यह गोल रूपिंदर ने पेनाल्टी कॉर्नर पर 46वें मिनट में किया।