भारत ने जापान को 6-0 से रौंदा, पहले मैच में चमके दिलप्रीत और विवेक सागर
भारतीय टीम के लिए दिलप्रीत ने 35वें और 45वें मिनट में गोल किए, जबकि विवेक ने 12वें और 28वें मिनट में गोल दागे।
तौरंगा (न्यूजीलैंड), पीटीआइ। दिलप्रीत सिंह और अपना पहला मैच खेल रहे विवेक सागर के दो-दो गोलों की मदद से भारतीय पुरुष टीम ने चार देशों के आमंत्रण टूर्नामेंट के पहले मैच में बुधवार को जापान को 6-0 से शिकस्त दी। भारतीय टीम के लिए दिलप्रीत ने 35वें और 45वें मिनट में गोल किए, जबकि विवेक ने 12वें और 28वें मिनट में गोल दागे। इसके अलावा अनुभवी ड्रैग फ्लिकर रुपिंदर पाल सिंह (सातवां मिनट) और हरमनप्रीत सिंह (41वां मिनट) ने भी भारत की जीत में क्रमश: एक-एक गोल किया।
भारतीय टीम की शुरुआत काफी आक्रामक रही और जापानी गोल पर उसने कई हमले बोले। भारत को पहला पेनाल्टी कॉर्नर सातवें मिनट में मिला और युवा हरमनप्रीत ने इस पर पहला शॉट लगाया, लेकिन उसे बाधा पहुंचाए जाने के कारण भारत को पेनाल्टी स्ट्रोक मिला। रुपिंदर ने इसे गोल में बदलकर भारत का खाता खोला।भारत के लिए दूसरा गोल विवेक ने रिबाउंड पर किया और टीम की बढ़त 2-0 कर दी।
दूसरे क्वार्टर में भारत ने बढ़त बनाए रखी और जापानी टीम पूरे समय दबाव में रही। जापानी फॉरवर्ड भारतीय सर्कल में घुस ही नहीं सके। इस बीच, विवेक को गोल करने का एक और मौका मिला और उन्होंने जापानी डिफेंस में सेंध लगाते हुए भारत की बढ़त 3-0 कर दी। पहले हाफ तक भारतीय टीम 3-0 से आगे रही। भारत का चौथा गोल दिलप्रीत ने किया, जिन्हें मनदीप सिंह ने सर्कल के भीतर गेंद सौंपी थी। उनके पहले प्रयास को जापानी गोलकीपर ने बचा लिया, लेकिन मुस्तैदी का परिचय देते हुए उन्होंने रिबाउंड गोल दागा।
जापान को पहला पेनाल्टी कॉर्नर 40वें मिनट में मिला, लेकिन उसे सफलता नहीं मिल सकी। इस बीच, भारत को अगले मिनट दूसरा पेनाल्टी कॉर्नर मिला, जिसे हरमनप्रीत ने गोल में बदलकर भारत की बढ़त 5-0 कर दी। दिलप्रीत ने 45वें मिनट में अपना दूसरा गोल करके भारत की बढ़त 6-0 की, जो अंत तक कायम रही।