हॉकी कैंप की 19 जुलाई से नहीं होगी बहाली, खेल मंत्री बोले- जल्द शुरू नहीं होंगे खेल
भारतीय खेल प्राधिकरण ने साफ कर दिया है कि 19 जुलाई से महिला और पुरुष खिलाड़ियों का हॉकी कैंप शुरू नहीं होगा।
नई दिल्ली, जागरण न्यूज नेटवर्क। भारतीय महिला और पुरूष हॉकी टीमों के शिविर बेंगलुरु स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) केंद्र पर 19 जुलाई से बहाल नहीं होंगे, क्योंकि कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों के मामले बढ़ने से शहर में सात दिन का पूर्ण लॉकडाउन शुरू होने जा रहा है। इतना ही नहीं, देश के खेल मंत्री किरण रिजिजू ने कहा है कि भारत में अगले कुछ महीनों में खेलों का आयोजन शुरू नहीं होने वाला है।
साई के पास अब शिविर स्थगित करने के अलावा कोई अन्य विकल्प नहीं बचा है। राष्ट्रव्यापी बंद के दौरान दो महीने साई केंद्र में फंसे रहने के बाद खिलाड़ी अभी ब्रेक पर हैं। उन्हें 19 जुलाई तक लौटना था। बेंगलुरु स्थित साई केंद्र के एक सूत्र ने कहा कि मौजूदा हालात में राष्ट्रीय शिविरों की बहाली संभव ही नहीं है। हमें अभी तक हॉकी टीमों के शिविरों की बहाली को लेकर कोई निर्देश नहीं मिला है। 18 जून को खिलाडि़यों को घर जाने की अनुमति देने के लिए कहा गया था लेकिन शिविर की बहाली के कोई निर्देश नहीं है। इस समय यह संभव भी नहीं है क्योंकि बेंगलुरु में 22 जुलाई तक पूर्ण लॉकडाउन है।
जल्द शुरू नहीं हो सकते खेल- रिजिजू
खेल मंत्री किरन रिजिजू ने कोरोना के बढ़ते मामले देखते हुए राज्यों से बुधवार को आग्रह किया कि वे खेलों की बहाली में जल्दबाजी नहीं करें। देश में खेल गतिविधियों की बहाली की संभावनाओं की समीक्षा करते हुए रिजिजू ने राज्यों से आग्रह किया कि वे अगले दो तीन महीने खेल बहाल नहीं करें। ऐसे में संभावना ये भी है कि भारतीय क्रिकेट टीम भी अपना कोई मैच अगले कुछ महीनों में नहीं खेल पाएगी।
उन्होंने कहा है, "राज्यों को स्वतंत्र रूप से तय करना होगा कि वे खेल गतिविधियां कब शुरू कर सकते हैं। मैं उनसे आग्रह करूंगा कि दो तीन महीने रुक जाए।' वह सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के खेल मंत्रियों के साथ दो दिवसीय ऑनलाइन बैठक के बाद बोल रहे थे। उन्होंने कहा, 'हम सीमित तरीके से और वह भी गैर संपर्क वाले खेल शुरू कर सकते हैं। कुछ राज्यों ने खेल परिसर खोलकर अभ्यास शुरू कर दिया है। हालात सुधरने पर हम मैदान पर खेल फिर शुरू करने का प्रयास करेंगे।"