Move to Jagran APP

वर्ल्ड लीग सेमीफाइनल: क्वार्टर फाइनल में इंग्लैंड से 1-4 से हारी भारतीय महिला हॉकी टीम

आखिरी क्वार्टर के अंत में भी भारत ने इंग्लैंड पर आक्रमण किया। भारतीय महिलाएं 57वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर लेने में सफल रहीं और इस बार गुरजीत ने भारत का खाता खोला।

By Pradeep SehgalEdited By: Published: Wed, 19 Jul 2017 01:18 PM (IST)Updated: Wed, 19 Jul 2017 01:18 PM (IST)
वर्ल्ड लीग सेमीफाइनल: क्वार्टर फाइनल में इंग्लैंड से 1-4 से हारी भारतीय महिला हॉकी टीम
वर्ल्ड लीग सेमीफाइनल: क्वार्टर फाइनल में इंग्लैंड से 1-4 से हारी भारतीय महिला हॉकी टीम

जोहानिसबर्ग, पीटीआइ : भारतीय महिला टीम को हॉकी वर्ल्ड लीग सेमीफाइनल में मंगलवार को खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड के हाथों 1-4 की करारी हार का सामना करना पड़ा। भारत के लिए मैच का एकमात्र गोल ड्रैग फ्लिकर गुरजीत कौर ने 57वें मिनट में किया। भारतीय टीम अब पांचवें से आठवें स्थान के लिए गुरुवार को खेलेगी।

loksabha election banner

इस मैच में इंग्लैंड की टीम पूरी तरह से भारतीय महिलाओं पर हावी रही। उसने पहले क्वार्टर में ही दो गोल दाग भारत को बैकफुट पर धकेल दिया था। भारत ने अंत के दो क्वार्टरों में जरूर कुछ आक्रामकता दिखाई, लेकिन यह मैच जीतने वाली साबित नहीं हुई।

पहले क्वार्टर के छठे मिनट में इंग्लैंड को पेनाल्टी कॉर्नर मिला, जिसे वह गोल में नहीं बदल पाई। इस पर इंग्लैंड ने वीडियो रेफरल लिया जिस पर उसे एक और पेनाल्टी कॉर्नर मिला। इस पर भी वह गोल नहीं कर पाई, लेकिन पेनाल्टी लेने में सफल रही। इस बार जिस्ले एंसले (छठा मिनट) ने गोल करने में कोई गलती नहीं की। इस गोल के बाद भारतीय महिलाओं पर दबाव साफ दिख रहा था।

आत्मविश्वास से भरी इंग्लैंड ने भारतीय महिलाओं के पास गेंद नहीं रहने दी और लगातार आक्रमण जारी रखा। इसी बीच 13वें मिनट में एलेक्स डेनसन ने शानदार मैदानी गोल किया और इंग्लैंड की बढ़त को 2-0 कर दिया।

दूसरे क्वार्टर में भी भारतीय टीम दबाव में खेली और इंग्लैंड के घेरे से अधिकतर बाहर रही। उसने इस क्वार्टर में इंग्लैंड के गोल करने के कई प्रयासों को नाकाम कर दिया।

तीसरे क्वार्टर में इंग्लैंड ने अपना तीसरा गोल किया। 42वें मिनट में सुसानाह टाउनसेंड ने शानदार मैदानी गोल करते हुए इंग्लैंड की बढ़त 3-0 कर दी। इसके कुछ सेकेंड बाद ही भारत को लगातार दो पेनाल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन वो दोनों मौकों पर चूक गया।

आखिरी क्वार्टर के अंत में भी भारत ने इंग्लैंड पर आक्रमण किया। भारतीय महिलाएं 57वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर लेने में सफल रहीं और इस बार गुरजीत ने भारत का खाता खोला। अंतिम क्षणों में हना मार्टिन (60वें मिनट) ने इंग्लैंड के लिए चौथा गोल दागा।

क्रिकेट की खबरों के लिए यहां क्लिक करें

अन्य खेलों की खबरों के लिए यहां क्लिक करें


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.