विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल: ऊना के सरकारी अस्पताल में प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत, लापरवाही के लगे आरोप; परिजनों ने किया हंगामा

Published: Fri, 09 Oct 2026 12:31 PM (IST)

ऊना के क्षेत्रीय अस्पताल में प्रसव के दौरान एक महिला और उसके नवजात शिशु की मौत हो गई।

HighLights

  1. क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत

  2. परिजनों ने चिकित्सीय लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया

  3. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला, जांच जारी

जागरण संवाददाता, ऊना। क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में प्रसव के दौरान 33 वर्षीय महिला और उसके गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई। घटना के बाद स्वजन ने चिकित्सीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल के मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य (एमसीएच) परिसर में हंगामा शुरू कर दिया।

देखते ही देखते अस्पताल में तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। हालात को संभालने के लिए पुलिस थाना ऊना की टीम को मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभालना पड़ा। वहीं, अस्पताल प्रबंधन ने मामले में आरोपों की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मृतका रीना पत्नी राजीव कुमार निवासी अपर अरनियाला को प्रसव पीड़ा के चलते क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती करवाया गया था। स्वजन के अनुसार वह करीब तीन दिन से अस्पताल में उपचाराधीन थी।

परिजनों का फूटा गुस्सा

शुक्रवार को प्रसव पीड़ा बढ़ने पर उसे एमसीएच परिसर स्थित आपरेशन थिएटर में ले जाया गया। चिकित्सकों की ओर से उसे और गर्भस्थ शिशु को बचाने के प्रयास किए गए, लेकिन दोनों की जान नहीं बचाई जा सकी। महिला और उसके बच्चे की मौत की सूचना मिलने के बाद स्वजन का गुस्सा फूट पड़ा।

उन्होंने चिकित्सकों पर उपचार में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए घटना के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया। इसके बाद एमसीएच परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई।

अस्पताल में मौजूद लोगों के बीच भी घटना को लेकर चर्चा शुरू हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

मामले की जांच में जारी

अस्पताल प्रबंधन की ओर से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाने और संबंधित पक्षों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल स्वजन की ओर से लगाए गए चिकित्सीय लापरवाही के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।